UP Road Accident : मथुरा जिले के मांट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई और उसमें आग लग गई, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बिजली के खंभे से बाइक टकराने पर लगी आग
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात मथुरा जिले के मांट थाना क्षेत्र में मांट-वृंदावन मार्ग पर हाथी बाबा आश्रम के पास तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई और तुरंत उसमें आग लग गई। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवकों को भागने का मौका नहीं मिला और उनकी जलकर मौत हो गई।
दो युवकों की जलकर मौत
मांट थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जसबीर सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे घटनास्थल से गुजर रहे अलीगढ़ के फतेली बास-गोराई गांव निवासी चंद्रवीर सिंह के पुत्र आजाद ने घटना देखी और पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएचओ ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग लगने के बाद बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए थे और उनकी मौत हो गई। बाइक भी पूरी तरह जल गई थी।
दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक के इंजन और चेसिस नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि वाहन के मालिक के बारे में जानकारी मिल सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...