Site icon Dainik Savera Times

UPSC Topper Shakti Dubey : कौन हैं शक्ति दुबे जिन्होंने UPCS 2024 में किया टॉप ? जानिए कहां से हुई है पढ़ाई- लिखाई

नेशनल डेस्क : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल भी लाखों उम्मीदवारों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हिस्सा लिया और कई महीनों की मेहनत के बाद अब फाइनल रिजल्ट सामने आ चुका है। परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है, जहां उम्मीदवार अपना रोल नंबर चेक कर सकते हैं और PDF फाइल डाउनलोड करके परिणाम सुरक्षित रख सकते हैं। आपको बता दें कि इस परीक्षा में शक्ति दुबे ने पहली रैंक हासिल कर टॉप किया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

टॉपर बनीं प्रयागराज की शक्ति दुबे

इस साल की टॉपर रहीं उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की शक्ति दुबे, जिन्होंने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। शक्ति ने अपने पहले प्रयास में ही यह बड़ी सफलता हासिल की है, जो कि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि प्रयागराज और पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस परीक्षा में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था।

शिक्षा और तैयारी का सफर

बता दें कि शक्ति दुबे ने अपनी स्कूली शिक्षा प्रयागराज से ही पूरी की और फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकैमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया, जो उन्होंने वर्ष 2016 में पूरा किया। पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और 2018 से इस परीक्षा को गंभीरता से लेना शुरू किया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि सिविल सेवा उनके लिए केवल करियर का विकल्प नहीं बल्कि देश की सेवा करने का माध्यम है।

प्रयागराज की पहचान पर गर्व

एक शैक्षणिक संस्था को दिए गए इंटरव्यू में जब शक्ति से पूछा गया कि प्रयागराज की पहचान को वह किस रूप में देखती हैं, तो उन्होंने बड़े गर्व से कहा कि प्रयागराज त्रिवेणी संगम की भूमि है, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती मिलती हैं। यह स्थान न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

725 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल

सिविल सेवा (प्री) परीक्षा 2024, पिछले वर्ष 16 जून को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9,92,599 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,83,213 उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित हुए। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के बाद कुल 14,627 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया। सितंबर 2024 में आयोजित मुख्य परीक्षा के बाद 2,845 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया। अंततः 1,009 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्ति के लिए चुना गया, जिनमें 725 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल हैं।

महिला उम्मीदवारों की शानदार उपलब्धि

इस बार की परीक्षा महिलाओं के लिए बेहद खास रही, क्योंकि टॉप 5 में से 3 स्थान महिलाओं ने हासिल किए हैं। शक्ति दुबे जहां पहले स्थान पर रहीं, वहीं हर्षिता गोयल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि साबित करती है कि देश की महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और प्रशासनिक सेवाओं में भी उनका दबदबा लगातार बढ़ रहा है।

Exit mobile version