Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका को इतिहास की धारा के विरुद्ध न जाकर फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देनी चाहिए

स्थानीय समयानुसार 22 सितंबर को फ्रांस और बेल्जियम सहित छह देशों ने संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देने की घोषणा की। इससे एक दिन पहले ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों ने भी यही घोषणा की थी। इन घोषणाओं के साथ संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों में से 157 देश यानी 80% से अधिक फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता दे चुके हैं। सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्यों में से चार सदस्य पहले ही फिलिस्तीन को मान्यता दे चुके हैं। यह रुझान न केवल अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की सामूहिक आवाज़ को दर्शाता है, बल्कि इस मुद्दे पर अमेरिका के अलग-थलग पड़ने को भी उजागर करता है।

इस तेज़ी से बढ़ती मान्यता का मूल कारण ग़ाज़ा पट्टी में मानवीय संकट का भयावह स्तर है। अक्टूबर 2023 में संघर्ष के भड़कने के बाद से इज़राइल की सैन्य कार्रवाइयों में अब तक 65,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं और 1,60,000 से अधिक घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक जाँच समिति ने इज़राइल को नरसंहार का दोषी ठहराया है। इज़राइल द्वारा सीरिया और लेबनान पर हवाई हमलों का विस्तार और पश्चिमी तट के मुख्य क्षेत्रों पर कब्ज़े की धमकियों ने वैश्विक समुदाय के धैर्य की सीमा पार कर दी है। पश्चिमी देशों की सरकारें घरेलू जनमत के तीव्र दबाव का सामना कर रही हैं और इसी कारण फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देना उनके लिए एक आवश्यक और व्यावहारिक विकल्प बन गया है, ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।

गहरे स्तर पर देखा जाए तो यह “द्वि-राज्य समाधान” की राजनीतिक दिशा को मज़बूती प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त समाधान 1967 की सीमाओं पर आधारित एक फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना है, जिसकी राजधानी पूर्वी यरुशलम हो। चीन के शांगहाई अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर तिंग लोंग के अनुसार, फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देना “द्वि-राज्य समाधान” की ओर एक निर्णायक क़दम है और पश्चिमी देशों की नीतियों में यह बदलाव जनता के समर्थन को और मज़बूत कर रहा है।

इसके विपरीत, अमेरिका इस प्रवृत्ति के ख़िलाफ़ काम कर रहा है। उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के युद्धविराम प्रस्ताव को छठी बार वीटो कर दिया और इज़राइल को अब तक 90,000 टन से अधिक हथियार मुहैया कराए हैं। अमेरिका का कहना है कि “बंधक और इज़राइली सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं।” नाटो में अमेरिका के पूर्व राजदूत रॉबर्ट हंटर ने स्पष्ट रूप से कहा कि अमेरिका की मौन स्वीकृति और समर्थन ने इज़राइल को और कठोर बना दिया है। अब जब उसके पारंपरिक सहयोगी भी सामूहिक रूप से नीति बदल रहे हैं, तो यह मध्य पूर्व कूटनीति में अमेरिकी नेतृत्व की कमी को और अधिक उजागर करता है।

हालाँकि, “मान्यता” अंत नहीं बल्कि शुरुआत है। फिलिस्तीनी शरणार्थी ग़ारिन के शब्दों में, “हमें वास्तविक कार्रवाई की आवश्यकता है।” यदि अमेरिका इज़राइल का अंध समर्थन जारी रखता है तो फिलिस्तीन और इज़राइल के बीच सुलह और स्थायी शांति की संभावना बेहद कठिन हो जाएगी। संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की 80वीं वर्षगांठ पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय उम्मीद करता है कि अमेरिका इतिहास की इस धारा को स्वीकार करेगा, 80% से अधिक देशों की सहमति का सम्मान करेगा और अपनी एकतरफ़ा नीतियों को त्यागकर “द्वि-राज्य समाधान” का समर्थन करेगा। ग़ाज़ा में युद्ध दोबारा न भड़के और फिलिस्तीन का मुद्दा दुनिया के लिए ऐसा अनंत घाव न बने, यह आज वैश्विक समुदाय की सबसे बड़ी अपेक्षा है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version