Site icon Dainik Savera Times

JD Vance India visit : 4 दिनों के दौरे पर भारत पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, PM मोदी के साथ करेंगे डिनर… जानिए क्या होगा पूरा शेड्यूल

नेशनल डेस्क : अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस 21 अप्रैल यानी आज भारत पहुंच चुके है। बता दें कि वेंस साढ़े 9 बजे पालम एयरबेस पर उतरे। उनके साथ उनकी पत्नी ऊषा और तीन बच्चे भी भारत दौरे पर आए हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव किया। वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति के स्वागत के लिए दिल्ली की सड़कों पर बड़े बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं। बता दें कि वेंस दिल्ली पहुंचने के बाद सबसे पहले अपने परिवार के साथ स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर जाएंगे। इसके साथ ही आज शाम साढ़े 6 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पीएम आवास पर वेंस और उनके परिवार का स्वागत करेंगे। इस यात्रा का महत्व इस समय और भी बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ वार शुरू कर रखी है, जिससे भारत और अमेरिका के रिश्तों में चर्चा का विषय बन गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

पालम वायुसेना स्टेशन पर स्वागत

दरअसल, विदेश मंत्रालय के अनुसार, जेडी वेंस का भारत आगमन सोमवार सुबह 10 बजे दिल्ली के पालम वायुसेना स्टेशन पर हुआ, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके साथ ही संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए पालम हवाई अड्डे पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे और उनका परिवार दिल्ली के प्रमुख स्थल, स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा करेंगे। इसके साथ ही, वे एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी जा सकते हैं, जहां भारतीय हस्तनिर्मित सामान बिकते हैं।

PM मोदी से मुलाकात

बता दें कि जेडी वेंस और उनका परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात शाम साढ़े छह बजे पीएम आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर होगी। इस बैठक में द्विपक्षीय व्यापार संधि पर चर्चा हो सकती है, साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। बैठक के बाद, प्रधानमंत्री मोदी वेंस और उनके साथ आए अमेरिकी अधिकारियों के लिए रात्रिभोज की मेज़बानी करेंगे।

ITC मौर्य शेरेटन में ठहरेंगे वेंस

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनका परिवार दिल्ली में आईटीसी मौर्य शेरेटन होटल में ठहरेगा। इसके बाद, वे 22 अप्रैल को जयपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे आमेर किले का दौरा करेंगे, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। इसके अलावा, वे राजस्थान अंतरराष्ट्रीय केंद्र में एक सभा को संबोधित करेंगे, जहां वे भारत-अमेरिका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर बात करेंगे।

आगरा और ताजमहल की यात्रा

वेंस और उनका परिवार 23 अप्रैल को आगरा का दौरा करेंगे, जहां वे ताजमहल और शिल्पग्राम की यात्रा करेंगे। शिल्पग्राम एक खुले एम्पोरियम की तरह है, जहां भारतीय कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इसके बाद वे जयपुर लौटेंगे और वहां के भव्य रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। बता दें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनका परिवार 24 अप्रैल को जयपुर से अपनी यात्रा समाप्त कर अमेरिका लौटेंगे। वे इटली की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद भारत पहुंचे हैं।

संभावित चर्चाएं और उद्देश्यों

इस यात्रा के दौरान, जेडी वेंस के भाषण में अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की संभावना है। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को और मजबूत करना है, खासकर व्यापार, रक्षा और सामरिक सहयोग के क्षेत्र में। जेडी वेंस की यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को नई दिशा देने की संभावना रखती है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा और सामरिक सहयोग में और मजबूती आ सकती है।

Exit mobile version