Uttar Pradesh Accident : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की टक्कर में कार चालक समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गये।
ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के कैथवलिया से सात बाराती कल रात महराजगंज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़री गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे, तभी श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसहिया खुर्द के पास कार अनियंत्रित हो गई और गोबर लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चकनाचूर हो गई। दुर्घटना में चालक और एक अन्य यात्री कार में फंस गए।
हादसे में दो लोगों की हुई मौत, पांच घायल
स्थानीय लोग मदद के लिए आये। कुछ घायलों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक कार में फंसा रहा। तुरंत गैस कटर बुलाया गया और दरवाजा काटकर उसे बाहर निकाला गया। सभी को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने पिपराइच थाना अंतर्गत जंगल अहमद अलीशा टुरा बाजार निवासी चालक अलीम खान और गोबरी कन्नौजिया को मृत घोषित कर दिया। कैथवलिया निवासी अभिजीत, अंकित, बिंद, हृदेश और मनोहर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें- ‘Swayambhu’ में Nikhil Siddhartha का रोल क्यों है सबसे अलग? डायरेक्टर ने बताया सच