Site icon Dainik Savera Times

दिग्गज क्रिकेटर Bob Cowper का हुआ निधन, कैंसर से थे पीड़ित… खेल जगत में पसरा मातम

Bob Cowper passes away : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज बॉब काउपर का 84 साल की उम्र में निधन हो गया है। बता दें कि वह कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉब अपने पीछे पत्नी डेल और दो बेटियां, ओलिविया और सेरा छोड़ गए हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पोस्ट शेयर कर पोस्ट कर जानकारी

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी और लिखा, “आज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बॉब काउपर के निधन पर शोक मना रहा है। बॉब एक शानदार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे, जिन्होंने पांच टेस्ट शतक जड़े, जिनमें 1966 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेला गया एशेज का तिहरा शतक भी शामिल है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और साथियों के साथ हैं।”

बॉब काउपर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 27 टेस्ट मैचों में 46.84 की बेहतरीन औसत से 2061 रन बनाए। उन्होंने पांच शतक और 10 अर्धशतक लगाए। 1965-66 में एमसीजी पर इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 12 घंटे की मैराथन पारी खेलते हुए 307 रन बनाए थे। यह ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर बनाया गया पहला तिहरा शतक था, जो आज भी ऐतिहासिक माना जाता है।

कम उम्र में टेस्ट क्रिकेट को कह दिया अलविदा

उन्होंने बॉब सिम्पसन, डग वाल्टर्स, इयान चैपल और बिल लॉरी जैसे महान खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला। काउपर ने केवल 27 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। साल 1970 में विक्टोरिया की शेफील्ड शील्ड जीत के बाद उन्होंने क्रिकेट से संन्यास ले लिया और बिजनेस में करियर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया।

बॉब काउपर ने कुल 147 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें उन्होंने 50 से अधिक की औसत से 10,595 रन बनाए। उन्होंने 26 शतक और 58 अर्धशतक अपने नाम किए। इसके अलावा, उन्होंने चार लिस्ट-ए मैच भी खेले।

बॉब काउपर पिछले छह महीनों में दुनिया को अलविदा कहने वाले तीसरे 1970 के दशक के विक्टोरियन टेस्ट क्रिकेटर हैं। इससे पहले इयान रेडपाथ का पिछले साल 83 साल की उम्र में और कीथ स्टैकपोल का पिछले महीने 84 साल की उम्र में निधन हुआ था।

प्रसिद्ध कमेंटेटर केरी ओ’कीफ ने दी श्रद्धांजलि

टेस्ट क्रिकेट के पूर्व खिलाड़ी और प्रसिद्ध कमेंटेटर केरी ओ’कीफ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “RIP बॉब काउपर। अच्छे इंसान। शौकिया की तरह जिए और पेशेवर की तरह खेले।”

Exit mobile version