ओडिशा डेस्क : आज देश का आम नागरिक बढ़ती महंगाई की मार झेल रहा है। घर चलाना, बच्चों की पढ़ाई करवाना, रोजमर्रा का सामान खरीदना हर चीज दिन-ब-दिन महंगी होती जा रही है। आम इंसान अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए दिन-रात मेहनत करता है, एक-एक पैसा बचाता है ताकि अपने बच्चों और परिवार का भविष्य संवार सके। लेकिन दूसरी ओर कुछ लोग सरकारी पदों पर रहते हुए भ्रष्टाचार से करोड़ों की संपत्ति जमा कर रहे हैं। एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला ओडिशा से सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है। इस भ्रष्टाचार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंजीनियर के घर छापा, ₹2.1 करोड़ कैश बरामद
ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार एक्शन लिया जा रहा है। हाल ही में विजिलेंस विभाग ने आरडब्ल्यू विभाग के चीफ इंजीनियर बैकुंठ नाथ सारंगी के ठिकानों पर छापेमारी की। अब तक उनके पास से करीब ₹2.1 करोड़ नकद बरामद किया जा चुका है और छापेमारी अभी भी जारी है। विजिलेंस की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है।
7 जगहों पर एक साथ छापेमारी
विजिलेंस विभाग ने एक साथ ओडिशा के भुवनेश्वर, अंगुल और पिपिली में कुल 7 जगहों पर छापेमारी की। इस बड़े ऑपरेशन में 8 डीएसपी, 12 इंस्पेक्टर, 6 एएसआई और अन्य अधिकारी शामिल थे। विभाग ने सारंगी के घर, फ्लैट, रिश्तेदारों के घर और दफ्तर में तलाशी ली।
कैश की गड्डियां खिड़की से फेंकी गईं
भुवनेश्वर के पीडीएन एक्सोटिका अपार्टमेंट में छापे के दौरान जब सतर्कता टीम पहुंची, तो सारंगी ने ₹500 के नोटों की गड्डियां खिड़की से फेंक दीं। उनका उद्देश्य शायद नकदी को छिपाना था, लेकिन टीम ने गवाहों की मौजूदगी में सारे नोट जब्त कर लिए। यह घटना इस बात का उदाहरण है कि आरोपी किस हद तक जाने को तैयार होते हैं।
During the vigilance raid, the officer was throwing bundles of money. #Odisha.
“Corruption never ending it’s only correct in pen & paper”.
Whoever it may be the government. pic.twitter.com/ypNZ6b2brq
— Manas Behera. ANI (@manasbehera07) May 30, 2025
इतना कैश कि गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीनें
छापेमारी के दौरान भुवनेश्वर स्थित फ्लैट से ₹1 करोड़ और अंगुल स्थित मकान से ₹1.1 करोड़ की नकदी मिली है। कैश की इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी हुई कि नोट गिनने के लिए स्पेशल काउंटिंग मशीनें मंगानी पड़ीं। विजिलेंस टीम द्वारा अभी भी गिनती और जांच जारी है। विजिलेंस विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ नकदी तक सीमित नहीं है। अब बैकुंठ नाथ सारंगी के बैंक खातों, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। यह भी आशंका है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ओडिशा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर
इस पूरी कार्रवाई को ओडिशा सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण माना जा रहा है। राज्य सरकार लगातार ऐसे मामलों पर सख्त एक्शन ले रही है, जिससे साफ संदेश जा रहा है कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता को उम्मीद, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
आम जनता को उम्मीद है कि विजिलेंस विभाग इस मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करेगा। आम आदमी रोज़ मेहनत करता है, टैक्स देता है, ऐसे में किसी अधिकारी द्वारा करोड़ों की अवैध संपत्ति बनाना समाज और प्रशासन दोनों के लिए एक बड़ा सवाल है।

