Site icon Dainik Savera Times

Operation Sindoor : हमने दुश्मन की छाती पर वार किया… श्रीनगर में जवानों से बोले राजनाथ सिंह

नेशनल डेस्क : गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्रीनगर के दौरे पर पहुँचे, जहां उन्होंने भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने जवानों के शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि बीते दिनों में सैनिकों ने देश का मान बढ़ाया है और जिस तरह उन्होंने हालिया आतंकी हमले का जवाब दिया है, वह प्रशंसनीय है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बादामी बाग छावनी में जवानों के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। रक्षा मंत्री ने यहां जवानों को संबोधित किया।आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

आतंकियों ने धर्म पूछकर गोली चलाई…

आपको बता दें कि राजनाथ सिंह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ शब्दों में कहा कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “हमने दुश्मन की छाती पर वार किया है और आगे भी करते रहेंगे।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिस तरह आतंकियों ने हमारे लोगों का धर्म पूछकर गोली चलाई थी, हमने उनके कर्म देखकर जवाब दिया है।


कठोर फैसले के साथ ठोस कार्रवाई

इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय सेना पर गर्व है। उन्होंने 7 मई को की गई सैन्य कार्रवाई को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया और कहा कि भारत अब केवल कड़े फैसले ही नहीं लेता, बल्कि उन पर पूरी कठोरता से अमल भी करता है। उन्होंने सेना की सूझबूझ और संयम की सराहना करते हुए कहा, “आपने जोश भी रखा और होश भी रखा।”

श्रीनगर से पाकिस्तान को दी चेतावनी

राजनाथ सिंह ने अपने बयान में पाकिस्तान पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत को धोखा दिया है और अब समय आ गया है कि वह आतंकियों को पनाह देना बंद करे। रक्षा मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो उसे इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा, “आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।”

भारत अब चुप नहीं बैठेगा

अपने बयान में रक्षा मंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को यह संदेश चला गया है कि भारत अब आतंकवाद को सहन नहीं करेगा और हर परिस्थिति के लिए तैयार है। उनका यह भाषण जवानों में जोश भरने के साथ-साथ देशवासियों को यह विश्वास दिलाने के लिए था कि भारत की सेना और सरकार सजग और सशक्त है।

नई नीति, नया भारत

राजनाथ सिंह का यह दौरा और उनके संदेश यह साबित करते हैं कि भारत अब आतंक के खिलाफ निर्णायक नीति अपना चुका है। यह संदेश न सिर्फ पाकिस्तान को, बल्कि दुनिया को भी दिया गया है कि भारत अब हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा, और जरूरत पड़ी तो दुश्मन के घर में घुसकर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version