Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

हम न्यूक्लियर की धमकी से नहीं डरते, PAK में घुसकर आतंकी कैंप तबाह किए: ऑपरेशन सिंदूर पर बोले अमित शाह

May 17, 2025

हम न्यूक्लियर की धमकी से नहीं डरते, PAK में घुसकर आतंकी कैंप तबाह किए: ऑपरेशन सिंदूर पर बोले अमित शाह

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने वावोल में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया और एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में, शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की सुरक्षा नीतियों की तारीफ करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए कड़े कदमों का जिक्र किया।

अमित शाह ने कहा कि भारत ने आतंकी हमलों का ऐसा मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिसे देखकर दुनिया हैरान है और पाकिस्तान भी डरा हुआ है। शाह ने यह भी कहा कि भारत को न्यूक्लियर धमकी से डरने की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भारत ने 100 किलोमीटर पाकिस्तान की सीमा के अंदर जाकर आतंकी कैंपों को तबाह किया है।

 

शाह ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकी हमलों का ऐसा जवाब दिया कि न सिर्फ दुनिया हैरान हो गई, बल्कि पाकिस्तान भी डरा हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों, जैसे जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा, के मुख्यालयों को नष्ट कर दिया। हमने 9 ऐसे ठिकानों को तबाह किया जहां आतंकियों को प्रशिक्षण दिया जाता था और वे सुरक्षित रहते थे। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 100 किलोमीटर तक के आतंकी कैंपों को नष्ट कर दिया।”

इसके अलावा, अमित शाह ने पाकिस्तान के हवाई हमलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमा पर हमला करने की कोशिश की, तो हमारे एयर डिफेंस सिस्टम की ताकत के सामने उसकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो पाई। हमारे एयर डिफेंस सिस्टम के कारण कोई भी मिसाइल या ड्रोन भारत की सीमा तक नहीं पहुंच सका।”

पाकिस्तान के 15 एयर बेस पर हमला किया
उन्होंने यह भी बताया कि 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मारने के बाद भी पाकिस्तान चुप था, लेकिन भारत ने फिर पाकिस्तान के 15 एयर बेस पर हमला किया। हालांकि, शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि हमले में पाकिस्तानी सैनिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ, बल्कि हमलें का उद्देश्य पाकिस्तान की हवाई हमलों की क्षमता को नष्ट करना था।


सशस्त्र बलों की वीरता को मेरा सलाम: अमित शाह 
अमित शाह ने कहा, “आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि हमारी सेना ने पाकिस्तान में 100 किलोमीटर अंदर घुसकर हमला किया और आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया। जो लोग हमें धमकाते थे कि उनके पास परमाणु बम हैं, उन्हें लगता था कि हम डर जाएंगे। लेकिन, हमारी सेना, नौसेना और वायु सेना ने उन्हें ऐसा करारा जवाब दिया है कि पूरी दुनिया हमारी सेना के धैर्य और पीएम मोदी के दृढ़ नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है। मैं हमारे सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करता हूं।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें