Site icon Dainik Savera Times

‘लाल किले से कश्मीर तक, भारत में कई हमले करवाए’, PAK नेता ने आतंकी हमलों पर कबूला सच

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) के एक प्रमुख नेता चौधरी अनवारुल हक का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह साफ-साफ मान रहे हैं कि पाकिस्तान की ओर से भारत में कई आतंकी हमले करवाए गए हैं। यह बयान भारत पर हो रहे सीमा-पार आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका को खुलकर उजागर करता है।

क्या कहा पाकिस्तानी नेता ने?

वीडियो में अनवारुल हक ने कहा, “अगर आप बलूचिस्तान में खून-खराबा करते रहेंगे, तो हम लाल किले से लेकर कश्मीर के जंगलों तक आपके देश में हमला करेंगे। अल्लाह की कृपा से हमने यह कर दिखाया है और भारत अभी भी अपने मृतकों की गिनती कर रहा है।” उनका यह बयान सीधा-सीधा संकेत देता है कि भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों में पाकिस्तान का हाथ था।

 

लाल किला धमाके का जिक्र

हक ने अपने भाषण में 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला के सामने हुए बम धमाके का भी उल्लेख किया। इस हमले में 14 लोगों की मौत हुई थी। जांच में पता चला था कि इस हमले का मास्टरमाइंड डॉ. उमर उन नबी है, जो जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक गुप्त आतंकी मॉड्यूल का सदस्य था। इस मॉड्यूल का खुलासा धमाके से कुछ दिन पहले फरीदाबाद में हुआ था।

‘कश्मीर के जंगलों’ वाली टिप्पणी किस बारे में थी?

अनवारुल हक ने जब “कश्मीर के जंगलों” में हुए हमलों का जिक्र किया, तो वह अप्रैल में पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए हमले की ओर इशारा कर रहे थे। उस हमले में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी, जिसने पूरे देश को हिला दिया था।

पहली बार नहीं है पाकिस्तान से ऐसा कबूलनामा

यह पहला मौका नहीं है जब किसी पाकिस्तानी नेता ने खुद ही पाकिस्तान की आतंकवाद-समर्थक नीतियों को उजागर किया है। कुछ दिन पहले ही खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी कहा था कि पाकिस्तान सरकार को “फर्जी आतंकी हमलों” से फायदा होता है।

इस्लामाबाद प्रदेश में शांति बहाल करने की कोशिशों में बाधा डालता है। सरकार आतंकवाद को बढ़ावा देकर अपनी राजनीतिक रणनीति चलाती है। उनके इस बयान के बाद से पाकिस्तान की आतंकी नीतियों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Exit mobile version