नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश बीजेपी के फायरब्रांड नेता और मेरठ की सरधना सीट से पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें बांग्लादेश से किए गए फोन कॉल और मैसेज के जरिए दी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही यूपी पुलिस सतर्क हो गई है और जांच शुरू कर दी गई है। संगीत सोम ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है। उनका कहना है कि उन्हें धमकियों से डर नहीं लगता और वे आगे भी सनातन धर्म और हिंदुओं के हक की बात करते रहेंगे।
संगीत सोम के अनुसार, उन्होंने पुलिस को जांच के लिए वह मोबाइल नंबर सौंप दिया है, जिससे धमकी भरा कॉल आया था। यह नंबर बांग्लादेश का बताया जा रहा है। सरधना थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 5 जनवरी की सुबह संगीत सोम के निजी सचिव चंद्रशेखर सिंह के मोबाइल पर एक कॉल आया।
कॉलर ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह संगीत सोम को जल्द ही “जहन्नुम” पहुंचा देगा। उसने बम से उड़ाने की धमकी भी दी। फोन करने वाले ने खुद को बांग्लादेशी बताया और संगीत सोम के साथ-साथ उनके पूरे परिवार को जान से मारने की बात कही। इतना ही नहीं, आरोपी ने भारत के कुछ समाचार चैनलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी और कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
इस मामले में संगीत सोम के निजी सचिव ने मेरठ के सरधना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। संगीत सोम ने भी इसकी पुष्टि की है कि पुलिस को पूरी जानकारी दे दी गई है। पुलिस अब अनजान नंबर, कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। धमकी की खबर सामने आने के बाद संगीत सोम के समर्थकों में गुस्सा है और सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
गौरतलब है कि संगीत सोम हाल ही में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ खुलकर बयान दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान को लेकर भी टिप्पणी की थी, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया था। माना जा रहा है कि इन्हीं बयानों के बाद उन्हें धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...