Site icon Dainik Savera Times

‘सीमांचल से हर घुसपैठियों को निकालेंगे’, अमित शाह का राहुल गांधी और महागठबंधन पर तीखा हमला

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पूर्णिया जिले के बनमनखी में एक रैली की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर जोरदार हमला बोला और कहा कि वे “घुसपैठियों को बचाने” की राजनीति कर रहे हैं।

पूरे बिहार से हर एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे: अमित शाह

अमित शाह ने कहा, “राहुल बाबा और लालू के बेटे ने अभी ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ शुरू की है। वे सीमांचल को घुसपैठियों का गढ़ बनाना चाहते हैं। लेकिन हम सीमांचल ही नहीं, पूरे बिहार से हर एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। ये घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरियाँ छीनते हैं, गरीबों का राशन खा जाते हैं और देश को असुरक्षित बनाते हैं।”

हर अवैध गतिविधि को खत्म करेगी एनडीए 

उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए अगले पांच सालों में बिहार से घुसपैठियों को पूरी तरह बाहर निकालने की योजना पर काम करेंगे। शाह ने कहा, “हम न सिर्फ घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे बल्कि उनके अवैध कब्जे भी हटाएंगे। लालू के शासन में अवैध धंधे पनपे और घुसपैठियों ने उन्हें और फैलाया। अब एनडीए की सरकार हर अवैध गतिविधि को खत्म करेगी।”

घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाना जरूरी

अमित शाह ने यह भी कहा कि घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा, “हम उन्हें मतदाता सूची से हटाकर उनके देश वापस भेजेंगे। सीमांचल में अब उनके लिए कोई जगह नहीं होगी। अगर चूक हुई, तो बिहार में फिर जंगलराज लौट आएगा।”

लालू-राबड़ी शासन पर हमला 

शाह ने लालू-राबड़ी शासन को “जंगलराज” बताते हुए कहा, “उनके 15 सालों के शासन में हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार आम बात थी। नीतीश कुमार ने उस जंगलराज का अंत किया है।” बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65.08% मतदान हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक है। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version