Site icon Dainik Savera Times

‘हर घुसपैठिए को चुन–चुनकर बाहर निकालेंगे’, SIR को लेकर अमित शाह ने देश से मांगा समर्थन

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देश भर में चल रहे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया देश और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे यह सुनिश्चित होगा कि वोटर सूची से हर “घुसपैठिया” हटाया जा सके।

गुजरात के भुज के हरिपुर में आयोजित BSF के 61वें रेज़िंग डे कार्यक्रम में शाह ने कहा, “हम एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालेंगे। यह हमारा प्रण है।” उन्होंने कहा कि SIR और चुनाव आयोग द्वारा चलाया जा रहा वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मज़बूत करने के लिए जरूरी है।

राजनीतिक पार्टियों पर निशाना
अमित शाह ने बिना नाम लिए कुछ राजनीतिक पार्टियों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां इस अभियान को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं और घुसपैठियों को बचा रही हैं। शाह ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार चुनाव में जो जनादेश मिला है, वह देश की भावना को साफ दिखा देता है।

SIR का समर्थन करने की अपील
शाह ने पूरे देश से अपील की कि वे चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे SIR प्रोसेस में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रणाली को साफ और सुरक्षित रखने का तरीका है।

BSF की बहादुरी की तारीफ
अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए BSF और सेना की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी क्षमता को देखकर पाकिस्तान को एकतरफ़ा सीज़फायर की घोषणा करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि दुनियाभर को यह संदेश मिल गया है कि भारत की सुरक्षा फ़ोर्सेज के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

BSF की ताकत
BSF दुनिया की सबसे बड़ी बॉर्डर गार्डिंग फोर्स है। इसमें 2.7 लाख से अधिक जवान तैनात हैं। अभी BSF के पास 193 बटालियन (जिसमें 3 NDRF भी शामिल) और 7 आर्टिलरी रेजिमेंट हैं।1965 के भारत–पाक युद्ध के बाद सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए BSF की स्थापना की गई थी। अमित शाह के अनुसार, BSF बीते छह दशकों से भारत की सीमाओं को सुरक्षित रखकर देश का भरोसा बनाए हुए है।

Exit mobile version