Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

मौसम का मिजाज बदला… तेज बारिश और आंधी के बाद गर्मी से मिली राहत, दिल्ली-एनसीआर सहित इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी

May 2, 2025

मौसम का मिजाज बदला… तेज बारिश और आंधी के बाद गर्मी से मिली राहत, दिल्ली-एनसीआर सहित इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी

Today Weather: राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी ओर सामान्य जनजीवन पर असर डाला। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी आसमान में बादल छाए रहे और तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और नमी से भरी पछुआ हवाओं के कारण हुआ है। आने वाले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है।

तेज हवाएं और संभावित ओलावृष्टि

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। हवाओं की रफ्तार कई स्थानों पर 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम ने अचानक ली करवट

उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में गुरुवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ली है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश: बिजली गिरने की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत पूर्वी और मध्य यूपी के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं हैं। मौसम विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को सलाह दी है कि वे खुले में काम करने से बचें और फसल को ढंकने के उपाय करें।

हरियाणा: तेज हवाएं और ओले, फसलों पर असर

हरियाणा के रोहतक, झज्जर, पानीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की खबरें मिली हैं, जिससे सरसों, गेहूं और सब्जियों की फसलों को नुकसान हुआ है। IMD ने शुक्रवार तक पूरे हरियाणा में मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई है।

राजस्थान: पश्चिमी विक्षोभ का असर, तापमान में गिरावट

जयपुर, कोटा, अजमेर और अलवर समेत राजस्थान के कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर में धूलभरी आंधी चली। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान 4–6 डिग्री तक गिरा है। यह राहत कुछ दिन और बनी रह सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें