Site icon Dainik Savera Times

Happy New Year 2026: नए साल के स्वागत के लिए ‘पहाड़ों की रानी’ शिमला तैयार, रात 12 बजे तक होगा जश्न

Shimla New Year

Shimla New Year

हिमाचल डेस्कः नए साल के स्वागत के लिए पहाड़ों की रानी शिमला पूरी तरह तैयार है। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर बुधवार रात 12 बजे तक जश्न मनाया जाएगा। डीजे की धुनों के बीच नए साल का स्वागत होगा। इसके लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सख्ती बरतेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें थाने ले जाया जाएगा।

शहर के अधिकांश होटल मंगलवार शाम तक ही पैक हो गए हैं। होटलों में 80 से 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। जिन सैलानियों ने पहले से बुकिंग नहीं करवाई है, उन्हें होटल ढूंढने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार देर रात तक शहर के बाजारों में भी खूब चहल-पहल रही।

विंटर कार्निवल के तहत विशेष कार्यक्रम

विंटर कार्निवल के तहत बुधवार शाम 5 बजे से रिज मैदान पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। सामान्य दिनों में ये कार्यक्रम रात 10 बजे तक होते हैं, लेकिन न्यू ईयर को देखते हुए आज इन्हें रात 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। रात 10 बजे से रिज मैदान पर डीजे की धुनों पर जश्न शुरू होगा।

शहरवासियों के साथ-साथ हजारों सैलानी भी ऐतिहासिक रिज मैदान और माल रोड पर नए साल का जश्न मनाएंगे। मंगलवार देर शाम तक सैलानियों के शिमला पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और बुधवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है। शहर के अधिकतर होटल और पार्किंग स्थल फुल हो चुके हैं। सैलानियों की सुविधा के लिए आज रात 12 बजे तक अधिकांश दुकानें खुली रहेंगी।

सैलानियों के लिए हेल्प डेस्क और अतिरिक्त पार्किंग

पर्यटकों की सहायता के लिए शोघी समेत कई स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां से सैलानी पार्किंग, होटल और यातायात से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पुराना बस अड्डा, कैथू और शोघी से यातायात नियंत्रित करने की योजना बनाई गई है।

शहर में पार्किंग फुल होने की स्थिति में संजौली-ढली बाईपास, खलीनी-टुटीकंडी एनएच और चौड़ा मैदान सड़क पर वाहन पार्क करने की अनुमति दी जा सकती है।

पांच सेक्टर में बांटा गया शहर

यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। रिज, माल रोड समेत पूरे शहर में 400 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से शहर को पांच सेक्टर में बांटा गया है, जिनकी जिम्मेदारी एएसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है।

यातायात सुचारू रखने के लिए सर्कुलर रोड पर एक मिनट से ज्यादा वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। रिज मैदान पर बने पुलिस कंट्रोल रूम से पर्यटक और स्थानीय लोग आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

Exit mobile version