Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

10 हजार की शर्त जीतने का जोश, 5 बोतल शराब नीट गटक गया युवक, फिर हुआ ऐसा कि…

May 1, 2025

10 हजार की शर्त जीतने का जोश, 5 बोतल शराब नीट गटक गया युवक, फिर हुआ ऐसा कि…

नेशनल डेस्क : कर्नाटक के कोलार जिले से एक दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 साल के युवक कार्तिक ने सिर्फ 10 हजार रुपये की शर्त जीतने के लिए लगातार 5 बोतल शराब पी ली, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना मुलबागल तालुक के नांगली इलाके में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…

बिना पानी मिलाए 5 बोतल शराब पी सकता…

मिली जानकारी के मुताबिक, कार्तिक ने अपने दोस्तों वेंकट रेड्डी, सुब्रमणि और अन्य तीन युवकों से शर्त लगाई थी कि वह बिना पानी मिलाए 5 बोतल शराब पी सकता है। उसके दोस्त वेंकट रेड्डी ने कहा था कि अगर उसने ऐसा किया तो वह उसे 10,000 रुपये देगा। लालच में आकर कार्तिक ने एक के बाद एक पांचों बोतलें खाली कर दीं। इसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुख की बात यह है कि कार्तिक की शादी सिर्फ एक साल पहले हुई थी और 8 दिन पहले ही उसकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था।

पुलिस ने दर्ज किया केस

वहीं अब कार्तिक की मौत के बाद पुलिस ने वेंकट रेड्डी, सुब्रमणि और चार अन्य के खिलाफ नांगली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

WHO की चेतावनी

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस तरह की घटनाओं को लेकर पहले ही चेताया है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, शराब पीने का कोई भी “सेफ लेवल” नहीं होता। यानी यह नहीं कहा जा सकता कि कम मात्रा में शराब पीना सुरक्षित है। डॉ. कैरिना फेरेरा-बोर्गेस, जो WHO के गैर-संचारी रोग प्रबंधन विभाग की प्रमुख हैं, का कहना है कि शराब के सेवन से होने वाला खतरा पहली बूंद से ही शुरू हो जाता है। उन्होंने साफ कहा, “जितना कम पीएंगे, उतना ही सुरक्षित रहेंगे।”

एक छोटी सी गलती और पूरा परिवार उजड़…

कार्तिक की मौत ने यह साबित कर दिया कि एक छोटी सी लापरवाही या मज़ाक में की गई हरकत भी जानलेवा हो सकती है। एक युवा जिसकी नई-नई शादी हुई थी, और जिसका परिवार बस बनना शुरू ही हुआ था, अब उसकी पत्नी और नवजात बच्चा अकेले रह गए हैं। यह घटना सभी के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि मस्ती या शर्त के नाम पर जान से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें