Dainik Savera Times

Year Ender 2025: पहलगाम हमले से एयर इंडिया विमान हादसे तक, इन 5 घटनाएं ने देश को झकझोर दिया

year-ender-2025-these-5-events-that-shook-the-nation

नई दिल्ली: साल 2025 भारत के लिए कई उपलब्धियों वाला रहा, लेकिन इस साल कुछ ऐसी दर्दनाक घटनाएं भी हुईं, जिन्होंने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया। कहीं भगदड़ मची, कहीं आतंकी हमला हुआ तो कहीं भीषण विमान हादसे ने सैकड़ों परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए। आइए जानते हैं साल 2025 की उन 5 बड़ी घटनाओं के बारे में, जिन्होंने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।

1. प्रयागराज महाकुंभ और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है। 29 जनवरी 2025 को मौनी अमावस्या के दिन संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान अचानक बैरिकेडिंग टूट गई और भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। इस हादसे में 30 से 37 लोगों की जान चली गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मरने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की थी।

इसी साल 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी भगदड़ की घटना हुई। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई और प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हुए। इन घटनाओं ने बड़े आयोजनों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर किया।

2. पहलगाम आतंकी हमला

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम की बैसारन वैली में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया। आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर गोलीबारी की और मुख्य रूप से हिंदू पर्यटकों को निशाना बनाया। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मरने वालों में एक स्थानीय मुस्लिम गाइड और एक ईसाई पर्यटक भी शामिल थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया और भारत ने आतंकियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।

bengaluru stampede

3. बेंगलुरु में IPL जीत के जश्न के दौरान भगदड़

4 जून 2025 को बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की IPL जीत का जश्न मनाया जा रहा था। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर लाखों की संख्या में फैंस जमा हो गए।भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने जांच के आदेश दिए और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे।

Ahmedabad Air India plane crash

4. अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसा

12 जून 2025 को अहमदाबाद में देश का सबसे बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेकऑफ के सिर्फ 32 सेकंड बाद क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई। जमीन पर मौजूद मेडिकल कॉलेज हॉस्टल और आसपास के इलाके में भी कई लोग इस हादसे का शिकार हुए, जिससे कुल मृतकों की संख्या 270 से ज्यादा पहुंच गई। केवल एक यात्री ही इस हादसे में जीवित बच पाया। जांच में सामने आया कि इंजन में फ्यूल कटऑफ और तकनीकी खामी इसकी बड़ी वजह हो सकती है। इस हादसे ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया।

Dehli Red Fort Blast

5. दिल्ली के लाल किले के पास कार धमाका

साल के अंत में 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास एक बड़ी घटना हुई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक हुंडई i20 कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में सामने आया कि इस घटना के पीछे डॉक्टरों का एक संगठित नेटवर्क शामिल था। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

बताते चलें कि, साल 2025 ने यह साफ कर दिया कि चाहे धार्मिक आयोजन हों, जश्न के मौके हों या सुरक्षा से जुड़े मामले हर जगह पुख्ता इंतजाम और सतर्कता बेहद जरूरी है। इन घटनाओं ने पूरे देश को सोचने पर मजबूर कर दिया कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

Exit mobile version