इंटरनेशनल डेस्क: यह जहाज ग्रीस का बताया जा रहा है, जिसके ऊपर लाइबेरियाई झंडा लगा था। बता दें कि इटर्निटी सी (Eternity C) जहाज पर कुल 25 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जो सभी चालक दल के मेंबर्स थे। यह जहाज सोमवार को लाल सागर से गुजर रहा था, उसी दौरान छोटी नावों से दागे रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड से हमला करके इसे काफी नुकसान पहुंचाया गया। यमन में हूती विद्रोहियों का आतंक लगातार जारी है।
हूतियों ने अब हमला करके लाल सागर में एक और जहाज डुबो दिया है। एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है, जब किसी मालवाहक जहाज को डुबोया गया हो। एक रिपोर्ट के अनुसार हमले में 3 लोग मारे गए हैं। चालक दल के 6 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने इस हमले की पुष्टि की है।
हमले के पीछे क्या थी वजह?
हूतियों ने अपने हमले के पीछे वजह भी बताई है। हूतियों के अनुसार यह जहाज इजरायल जा रहा था, इसलिए हमला किया गया। चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित ठिकानों पर ले जाया गया है। हूतियों ने हमले का वीडियो जारी किया है। अभी ये खुलासा नहीं किया है कि उसने कितने चालक दल के सदस्यों को बंधक बनाया है?
BREAKING:
The Houthis have published a video of their attack against the Greek-owned bulk carrier Eternity C.
The killed a number of Filipino sailors and took several more hostage.
This video shows the ship sinking earlier today pic.twitter.com/Ze2DyWTUxq
— Visegrád 24 (@visegrad24) July 9, 2025
यमन स्थित अमेरिकी दूतावास के अनुसार हूतियों ने चालक दल के कई मेंबर्स का अपहरण किया है। दूतावास ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है। वहीं, चालक दल में 21 नागरिक फिलीपींस के बताए जा रहे हैं। फिलीपींस ने इसकी पुष्टि की है। एक नागरिक रूसी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं, उसका एक पैर भी कट चुका है।
मंगलवार को जारी किया था वीडियो
बता दें कि एक सप्ताह पहले भी हूतियों ने अन्य मालवाहक जहाज को डुबो दिया था। ग्रीस के इस जहाज पर हूतियों ने मिसाइल और ड्रोनों से हमला किया था। हूतियों ने दावा किया था कि यह जहाज उस कंपनी का है, जिसको फिलिस्तीन की बंदरगाहों में प्रवेश की अनुमति नहीं है। मंगलवार को एक वीडियो भी जारी किया गया था, जिसमें हूती जहाज पर हमला करते दिखे थे। बाद में जहाज डूब गया था।

