Site icon Dainik Savera Times

Goa में 15,831 लोगों की TB की जांच की गई : Health Minister

TB

TB

पणजी : गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणो ने कहा कि TB से लड़ने के लिए उनका राज्य पूरी तरह तैयार है और TB उन्मूलन के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 15,800 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान सात दिसंबर को शुरू किया गया, जो 100 दिन तक जारी रहेगा और 17 मार्च को इसका समापन होगा। राणो ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि टीबी का शीघ्र और सटीक निदान सुनिश्चित करने के लिए पारंपरिक एक्स-रे मशीनों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित एक्स-रे प्रौद्योगिकी सहित उन्नत उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि गोवा राज्य, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘टीबी मुक्त भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप बड़े पैमाने पर टीबी से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’

कुल 15,831 लोगों की जांच की जा चुकी है
राणो ने बताया कि 3,47,042 की संवेदनशील आबादी में से कुल 15,831 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 7,526 को एक्स-रे और 951 को ‘न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (एनएएटी)’ परीक्षण के लिए ले जाया गया है। एनएएटी, तपेदिक (टीबी) के निदान और दवा प्रतिरोध का निर्धारण करने के लिए एक शक्तिशाली उपकरण है। राणो ने कहा, ‘‘270 निक्षय शिविरों के आयोजन और दो निक्षय वाहनों के संचालन के साथ यह अभियान बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है।’’ मंत्री ने कहा कि वर्तमान में टीबी के उपचाराधीन 210 रोगियों की उचित देखभाल की जा रही है।

Exit mobile version