Site icon Dainik Savera Times

सर्दी-जुकाम में एंटीबायोटिक लेना पड़ सकता है भारी! WHO ने दी चेतावनी, दवाओं के बेअसर होने का बढ़ा खतरा

Antibiotics

Antibiotics

Antibiotics: मौसम बदलते ही लोगों को सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में खराश जैसी समस्याओं सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में कई लोग जल्द राहत पाने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं लेना शुरू कर देते हैं। कुछ लोग मेडिकल स्टोर से खुद ही दवा खरीद लेते हैं। लेकिन आपकी यही आदत भविष्य में गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। इसे लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने लोगों को आगाह किया है।

WHO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए एंटीबायोटिक दवाओं के गलत इस्तेमाल को लेकर गहरी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि इन दवाओं का प्रभाव बनाए रखने के लिए लोगों को कुछ आम गलतियों से बचना चाहिए। खासतौर पर तीन ऐसी आदतें हैं, जो एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस की समस्या को बढ़ा सकती हैं।

सर्दी-जुकाम में बिना सलाह न लें एंटीबायोटिक
अक्सर लोग सर्दी, खांसी, फ्लू या गले में दर्द होने पर एंटीबायोटिक लेना शुरू कर देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे बीमारी जल्दी ठीक हो जाएगी, जबकि ऐसा करना सही नहीं है। दरअसल, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी अधिकतर समस्याएं वायरस के कारण होती हैं, जबकि एंटीबायोटिक दवाएं बैक्टीरिया के खिलाफ काम करती हैं।

ये भी पढ़ें- भाजपा के राज्यसभा सांसद का दिल का दौरा पड़ने से निधन, 72 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

 

ऐसे में वायरल संक्रमण के दौरान एंटीबायोटिक लेने से फायदा नहीं मिलता। इसलिए किसी भी तरह की परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

अपनी एंटीबायोटिक किसी दूसरे को न दें
घर में किसी सदस्य के बीमार होने पर कई बार उसकी बची हुई दवाएं दूसरे व्यक्ति को भी दे दी जाती हैं। खासकर एंटीबायोटिक के मामले में यह आदत नुकसानदायक हो सकती है।

WHO के मुताबिक, हर व्यक्ति की बीमारी, उम्र और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति अलग होती है। ऐसे में एक व्यक्ति के लिए निर्धारित दवा दूसरे व्यक्ति के लिए सही हो, यह जरूरी नहीं है। कौन-सी एंटीबायोटिक लेनी है और उसकी कितनी मात्रा जरूरी है, इसका निर्णय डॉक्टर की सलाह से ही होना चाहिए।

बची हुई दवाओं को अगली बीमारी के लिए न रखें
कई लोग बीमारी ठीक होने के बाद बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं को फेंकने के बजाय संभालकर रख लेते हैं। बाद में जब उन्हें दोबारा सर्दी-जुकाम या कोई अन्य संक्रमण होता है, तो वे उन्हीं दवाओं का इस्तेमाल करने लगते हैं।

WHO ने इस आदत से भी बचने की सलाह दी है। हर बार होने वाला संक्रमण एक जैसा नहीं होता। जरूरी नहीं कि पिछली बीमारी में इस्तेमाल की गई दवा अगली बार भी प्रभावी साबित हो। इसलिए पुरानी बची हुई एंटीबायोटिक का इस्तेमाल खुद से नहीं करना चाहिए।

क्या है एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस का खतरा?
एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध ऐसी स्थिति है, जिसमें बैक्टीरिया एंटीबायोटिक दवाओं के प्रभाव के प्रति प्रतिरोधी हो जाते हैं। इसके चलते संक्रमण का इलाज करना मुश्किल हो सकता है और पहले प्रभावी रहने वाली दवाएं भी असर करना बंद कर सकती हैं।

WHO की चेतावनी का मुख्य उद्देश्य लोगों को एंटीबायोटिक के जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना है। छोटी-छोटी लापरवाहियों से बचकर इन जरूरी दवाओं की प्रभावशीलता को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

Exit mobile version