BPSC Exam 2025 : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (CCE) 2025 को लेकर एक अहम अपडेट जारी किया है। आयोग ने पहले घोषित 1,250 पदों की संख्या को अब बढ़ाकर 1,264 कर दिया है। इस संशोधित अधिसूचना में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के 14 नए पद शामिल किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी BPSC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से साझा की।
पहले नहीं थे DSP पद
इससे पहले जारी की गई अधिसूचना में DSP और उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) जैसे प्रतिष्ठित पदों के लिए कोई भी रिक्ति घोषित नहीं की गई थी। लेकिन अब नई जानकारी के अनुसार, DSP के 14 पद जोड़ दिए गए हैं, जिससे उन उम्मीदवारों को राहत मिली है जो प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने का सपना देख रहे थे।
आवेदन की अंतिम तिथि: 30 जून 2025
BPSC 71वीं CCE 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून 2025 से शुरू हो चुकी है, और यह 30 जून 2025 तक चलेगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।
पूर्व में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अंतर्गत कुल 1250 पदों पर नियुक्ति हेतु एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की अधिसूचना जारी की गई थी।
दिनांक 16.06.2025 को गृह विभाग (आरक्षी शाखा), बिहार, पटना से पुलिस उपाधीक्षक के 14 रिक्त पदों हेतु अधियाचना प्राप्त हुआ है।… pic.twitter.com/zO8xcbAw3p
— Bihar Public Service Commission (@BPSCOffice) June 17, 2025
और भी पद हो सकते हैं शामिल
BPSC ने यह भी कहा है कि यदि समय सीमा से पहले अन्य विभागों से और रिक्तियों की मांग आती है, तो उन्हें भी इसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि किसी भी अपडेट से चूक न जाएं।
प्रीलिम्स परीक्षा अगस्त में संभावित
आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि प्रीलिम्स परीक्षा की संभावित तिथि अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। हालांकि, परीक्षा की सटीक तिथि और एडमिट कार्ड से जुड़ी सूचना बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
पात्रता और चयन प्रक्रिया
BPSC 71वीं परीक्षा के लिए पात्रता मानदंड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में तीन चरण होंगे प्रीलिम्स परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू)।

