Dainik Savera Times

सर्दियों में नहीं सूखते कपड़े? तो आजमाएं ये आसान से ट्रिक्स, बिना धूप के भी हो जाएंगे Dry

Clothes not drying in the winter

सर्दियों में कपड़े धोना तो आसान है, लेकिन उन्हें सुखाना अक्सर सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। ठंडी हवाओं, कम धूप और अधिक नमी की वजह से कपड़े कई बार तीन-चार दिन तक भी गीले रह सकते हैं। इससे न सिर्फ कपड़ों में बदबू आने का खतरा बढ़ जाता है, बल्कि खासकर बच्चों और ऑफिस जाने वालों के कपड़े समय पर तैयार नहीं हो पाते।

लेकिन अगर आपके पास ड्रायर नहीं है, तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं। कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स अपनाकर आप सर्दियों में भी कपड़ों को जल्दी और बिना बदबू के सुखा सकते हैं।

1. वॉशिंग मशीन का स्पिन मोड इस्तेमाल करें

कपड़े धोने के बाद उन्हें वॉशिंग मशीन के तेज स्पिन मोड में चलाना जरूरी है। इससे कपड़ों में मौजूद अतिरिक्त पानी निकल जाता है और सूखने का समय काफी हद तक कम हो जाता है।

2. हवा पर ध्यान दें, सिर्फ गर्मी पर नहीं

सिर्फ गर्मी से कपड़े जल्दी नहीं सूखते। हवा भी उतनी ही जरूरी है। कपड़ों को पंखे, हीटर या खिड़की के पास रखें, ताकि हवादार वातावरण कपड़ों को तेजी से सुखा सके।

3. मोटे कपड़ों के लिए टॉवल ट्रिक

जैकेट, स्वेटर या जींस जैसे भारी कपड़ों के लिए एक सूखा तौलिया बिछाएं और गीला कपड़ा उस पर रखें। फिर दोनों को रोल करें और हल्का दबाएं। तौलिया अतिरिक्त पानी सोख लेगा और कपड़े जल्दी सूखेंगे।

4. कपड़े ज्यादा पास-पास न टांगें

अगर कपड़े एक-दूसरे से चिपके रहेंगे तो हवा नहीं लगेगी और सूखने में समय लगेगा। हर कपड़े के बीच थोड़ी जगह छोड़ें।

5. कपड़े उलटे करके सुखाएं

कपड़ों को अंदर-बाहर करके सुखाने से नमी जल्दी निकलती है और बदबू भी नहीं आती।

6. हैंगर का सही इस्तेमाल

शर्ट, पैंट, कुर्ता या दुपट्टा हैंगर पर टांगें। इससे हवा चारों तरफ से लगेगी और कपड़े जल्दी और अच्छे से सूखेंगे। इन आसान तरीकों को अपनाकर आप सर्दियों में भी कपड़ों को बिना ड्रायर के तेजी से सुखा सकते हैं और फ्रेशनेस बनाए रख सकते हैं।

Exit mobile version