
Geyser Tips : सर्दियों में ठंड के कारण घरों में गीजर का इस्तेमाल बढ़ जाता है, लेकिन अक्सर लोग इसके सही इस्तेमाल और सुरक्षा उपायों की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे मे लंबे समय तक गीजर चालू रखना और समय पर सर्विस न कराना इसे अचानक खतरनाक बना सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, गीजर ब्लास्ट की अधिकतर घटनाएं तकनीकी खराबी के बजाय छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण होती हैं।
सेफ्टी वाल्व या थर्मोस्टैट का सही काम न करना
सबसे बड़ी वजह है सेफ्टी वाल्व या थर्मोस्टैट का सही काम न करना। अगर गीजर का पानी जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाए और उसे बाहर निकलने का रास्ता न मिले, तो टैंक फट सकता है। ऐसे में न केवल गीजर टूटता है बल्कि आसपास के लोग गंभीर खतरे में पड़ सकते हैं।
गलत जगह पर गीजर लगाना
बाथरूम में गलत जगह पर गीजर लगाना भी एक बड़ी समस्या है। कई घरों में गीजर ऐसी जगह लगाया जाता है जहां हवा का संचार सही नहीं होता। बंद और नम जगह में गीजर चलाने से गर्मी और दबाव बढ़ता है। खासकर गैस गीजर में उचित वेंटिलेशन न होने पर जहरीली गैसें जमा हो सकती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक है।
लंबे समय तक गीजर ऑन रखना
सर्दियों में लोग अक्सर नहाने से पहले गीजर को लंबे समय तक चालू छोड़ देते हैं। कई बार नहाने के बाद भी गीजर बंद करना भूल जाते हैं। यह आदत सीधे हादसे को न्योता देने जैसी है। लगातार हीटिंग के कारण टैंक के अंदर दबाव और तापमान बढ़ जाता है, जिससे ब्लास्ट का खतरा रहता है।
कैसे करें गीजर का इस्तेमाल
गीजर का सुरक्षित इस्तेमाल कुछ आसान सावधानियों से किया जा सकता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि समय-समय पर गीजर की सर्विस कराना जरूरी है, ताकि सेफ्टी वाल्व और थर्मोस्टैट सही स्थिति में रहें। गीजर को केवल नहाने से ठीक पहले चालू करें और काम खत्म होने पर तुरंत बंद कर दें। बाथरूम में उचित वेंटिलेशन सुनिश्चित करें और पुराने या खराब गीजर को नजरअंदाज न करें।
इन सरल सावधानियों को अपनाकर सर्दियों में गीजर के “टाइम बम” से अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।