History of Father’s Day : हर साल जून का तीसरा रविवार एक खास मकसद से मनाया जाता है। यह दिन समर्पित होता है उस शख्स को, जो हर हाल में हमारे लिए ढाल बनकर खड़ा रहता है- पिता। बता दे कि इस साल 2025 में फादर्स डे 15 जून यानि आज के दिन मनाया जाएगा। यह केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन अनकहे जज़्बातों और एहसासों की याद दिलाने का दिन है जो एक पिता अपने बच्चों के लिए हर रोज जीता है। कभी डांट में छुपा प्यार, तो कभी खामोशी में छुपा सहारा पिता का प्रेम शब्दों में नहीं, उनके कर्मों में दिखता है। आइए, इस खास मौके पर जानते हैं फादर्स डे का दिलचस्प इतिहास…
फादर्स डे का इतिहास
फादर्स डे की शुरुआत एक संवेदनशील पहल से हुई थी। वर्ष 1908 में अमेरिका के वेस्ट वर्जीनिया में पहली बार फादर्स डे मनाया गया, जब एक कोयला खदान हादसे में मारे गए 361 पिताओं की याद में एक प्रार्थना सभा रखी गई थी। हालांकि, यह चलन आगे नहीं बढ़ पाया।
फादर्स डे को मुख्यधारा में लाने का श्रेय सोनोरा स्मार्ट डोड को जाता है। उन्होंने अपने पिता विलियम जैक्सन स्मार्ट को सम्मान देने के लिए यह दिन शुरू करवाया, जिन्होंने पत्नी की मौत के बाद अपने छह बच्चों की अकेले परवरिश की थी। उनकी पहल पर 19 जून 1910 को वाशिंगटन में पहला आधिकारिक फादर्स डे मनाया गया।
क्यों मनाते हैं फादर्स डे?
फादर्स डे सिर्फ जैविक पिता को सम्मान देने का दिन नहीं है। यह उन सभी को समर्पित है जो किसी की जिंदगी में पिता की भूमिका निभाते हैं चाहे वो दादा हों, बड़े भाई हों, मामा हों, शिक्षक हों या कोई संरक्षक। यह दिन उन साइलेंट हीरोज़ को सलाम करने का मौका है, जो बिना कुछ कहे हमें ताकत देते हैं।
फादर्स डे की अहमियत
आज पिताओं की भूमिका सिर्फ अनुशासन देने या घर चलाने तक सीमित नहीं है। पिता अब बच्चों के दोस्त, मार्गदर्शक और सबसे बड़े सपोर्टर बन चुके हैं। वे बच्चों के स्कूल प्रोजेक्ट में मदद करते हैं, रात में बीमार बच्चे को संभालते हैं और हर मोड़ पर उनका हौसला बढ़ाते हैं। फादर्स डे इसी प्यार और बलिदान की कद्र करने का दिन है।
उनके लिए भी है यह दिन…
यह दिन उन लोगों के लिए भी खास है जिनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं या जिनका अपने पिता से रिश्ता जटिल रहा है। फादर्स डे पुराने रिश्तों को समझने, माफ करने और यादों को संजोने का दिन भी हो सकता है। यह उन सिंगल मदर्स, संरक्षकों और शिक्षकों को भी समर्पित है जो बच्चों को पिता जैसा सहारा देते हैं।
कैसे मनाएं फादर्स डे?
फादर्स डे मनाने के लिए जरूरी नहीं महंगे गिफ्ट्स खरीदे जाएं। यह दिन पिता के साथ बिताए गए कुछ सच्चे पलों में बसता है:
– उनके साथ समय बिताएं।
– उनके बचपन की कोई कहानी सुनें।
– साथ बैठकर कोई पुरानी पसंदीदा फिल्म देखें।
– उनके लिए एक छोटा सा नोट लिखें।
– सबसे जरूरी उन्हें गले लगाकर कहें, “आप मेरे हीरो हैं।”

