Dainik Savera Times

बरसात में आटा हो रहा जल्दी खराब… तो अपनाएं ये Tips, जानिए कैसे करें सही स्टोरिंग

Lifestyle: बरसात का मौसम जहां सुकून और ठंडक लेकर आता है, वहीं यह रसोई में परेशानी भी खड़ी कर देता है। इस मौसम में सबसे बड़ी चुनौती होती है खाने-पीने की चीजों को नमी और फंगस से बचाना। खासतौर पर गेहूं का आटा इस सीजन में जल्दी सीलन पकड़ लेता है या उसमें घुन (कीड़े) लग जाते हैं। अगर आप भी हर बार आटा खराब होने की समस्या से जूझते हैं, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको कुछ ऐसे आसान और कारगर घरेलू उपाय बता रहे हैं, जो न केवल आपके आटे की शेल्फ लाइफ बढ़ाएंगे बल्कि उसे कीट-मुक्त भी रखेंगे।

1. तेज पत्ते से मिलेगा प्राकृतिक संरक्षण

तेज पत्ता एक प्राकृतिक कीट भगाने वाला उपाय है। बस आपको करना ये है कि आटे के डिब्बे में 4 से 6 सूखे तेज पत्ते डाल दें। इसकी तेज खुशबू कीड़ों और घुन को दूर रखने में मदद करती है। यह तरीका बिलकुल आसान है और आटे के स्वाद या गुणवत्ता पर भी कोई असर नहीं डालता।

2. लौंग की पोटली से दूर रहें कीट

लौंग में मौजूद एंटीबैक्टीरियल तत्व आटे को नमी से बचाने में मदद करते हैं। एक साफ सूखे कपड़े में कुछ लौंग डालकर पोटली बना लें और इसे आटे के डिब्बे में रखें। यह न केवल कीड़ों को दूर रखेगी, बल्कि आटे में हल्की सी महक भी बनी रहेगी जो खराब गंध को भी रोक सकती है।

3. नीम की पत्तियां – सस्ता और असरदार उपाय

नीम सदियों से अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। इसकी कड़वी गंध कीड़े-मकोड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं आती। कुछ सूखी नीम की पत्तियां लेकर उन्हें आटे के डिब्बे में रख दें। यह तरीका खासतौर पर तब कारगर होता है जब आप आटा लंबे समय के लिए स्टोर करना चाहते हैं।

4. हींग की पोटली से मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा

हींग की तीखी खुशबू भी आटे में घुन लगने से रोकने में मदद कर सकती है। एक छोटी सी पोटली में हींग भरकर आटे के डिब्बे में रखें। इससे आटा लंबे समय तक ताजा बना रहेगा और कीड़े भी दूर रहेंगे।

5. सीलन से बचाने के लिए सही स्टोरेज जरूरी

घरेलू उपायों के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि आटे को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में ही स्टोर करें। बरसात के मौसम में नमी बहुत जल्दी कंटेनर में घुस सकती है, जिससे आटा चिपचिपा हो जाता है। कोशिश करें कि कंटेनर को जमीन से थोड़ा ऊपर रखें और सीधे धूप में रखने से बचें।

ये भी पढ़ें : BSE का ऐलान, 14 मार्च को Equity, Currency और Commodity में Mock Trading Session

Exit mobile version