Sonth Laddu : ठंड का मौसम आते ही मीठा खाने की इच्छा अपने आप बढ़ जाती है। इस दौरान घरों में तरह-तरह की पारंपरिक मिठाइयां बनाई जाती हैं, जिनमें गाजर का हलवा, गोंद के लड्डू और सोंठ के लड्डू खास तौर पर पसंद किए जाते हैं। सोंठ के लड्डू स्वाद में तो लाजवाब होते ही हैं, साथ ही इन्हें सर्दियों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। आमतौर पर लोग इन्हें शरीर को गर्म रखने, जोड़ों में होने वाली परेशानी से राहत और सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए खाते हैं। अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर बनाना भी काफी आसान है। तो आइए विस्तर से जानते हैं…
सोंठ के लड्डू बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
सोंठ पाउडर – 50 ग्राम
गेहूं का आटा – 200 ग्राम
गुड़ (बारीक कटा हुआ) – 250 ग्राम
घी – 150 से 200 ग्राम
खाने वाला गोंद – 50 ग्राम (दरदरा कुटा हुआ)
सूखा नारियल (कद्दूकस किया हुआ) – आधा कप
मिक्स ड्राई फ्रूट्स – आधा कप (बादाम, काजू, पिस्ता)
बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाही में थोड़ा घी गर्म करें। इसमें गोंद डालकर धीमी आंच पर तलें। जब गोंद फूलकर हल्का कुरकुरा हो जाए, तो उसे निकालकर अलग रख दें। उसी घी में ड्राई फ्रूट्स को हल्का सा भूनकर अलग कर लें।
स्टेप 2: अब कढ़ाही में बचा हुआ घी डालें और उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटे से खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
स्टेप 3: गर्म आटे में सोंठ पाउडर और कद्दूकस किया हुआ नारियल मिला दें। कढ़ाही की गर्मी से सोंठ की तीखापन कम हो जाएगा।
स्टेप 4: एक अलग पैन में एक चम्मच घी डालें और उसमें गुड़ डालकर हल्की आंच पर पिघलाएं। जरूरत हो तो 1–2 चम्मच पानी डाल सकते हैं, बस ध्यान रखें कि गुड़ ज्यादा न पक जाए।
स्टेप 5: अब भुने हुए आटे के मिश्रण में तला हुआ गोंद, ड्राई फ्रूट्स और पिघला हुआ गुड़ डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
स्टेप 6: जब मिश्रण हाथ लगाने लायक गर्म रह जाए, तब थोड़ी-थोड़ी मात्रा लेकर गोल लड्डू बना लें। इन्हें ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें।
सर्दियों में रोजाना सीमित मात्रा में सोंठ के लड्डू खाने से शरीर को गर्माहट मिलती है और ठंड के मौसम में ऊर्जा भी बनी रहती है। स्वाद और सेहत का यह पारंपरिक कॉम्बिनेशन ठंड के दिनों में खास तौर पर पसंद किया जाता है।

