Site icon Dainik Savera Times

Chia Seeds : दिल-दिमाग की सेहत में मददगार चिया सीड, डायबिटीज को भी करता है कंट्रोल, जानें इसके और भी फायदे

नई दिल्ली। आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी हो गया है। जहां हम हर दिन नई चुनौतियों का सामना करते हैं, वहीं हमारा शरीर भी पर्याप्त पोषण चाहता है। अच्छी सेहत पाने के लिए सही और पौष्टिक भोजन चाहिए। ऐसे में प्रकृति ने हमें कई विकल्प दिए हैं, जिनमें से एक है चिया सीड.. इन छोटे-छोटे बीजों के अनगिनत फायदे हैं।

अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, चिया बीज का वैज्ञानिक नाम साल्विया हिस्पैनिका है। इसके बीज बहुत छोटे, सफेद या काले रंग के होते हैं। इनके बीजों में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन, मिनरल्स, और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर गुड फैट होते हैं, जो हमारे शरीर की कई जरूरतों को पूरा करते हैं।

चिया सीड शरीर की मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद करता है
चिया सीड में मौजूद प्रोटीन हमारे शरीर की मांसपेशियों को बनाए रखने और उनकी मरम्मत करने में मदद करता है। वहीं डायटरी फाइबर पाचन तंत्र को सही रखता है और कब्ज जैसी समस्याओं से बचाता है। इसके अलावा, विटामिन ए, बी1, बी2, और बी3 हमारी आंखों, त्वचा, और नर्वस सिस्टम के लिए अहम होते हैं। इन सबसे अलग ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल और दिमाग की सेहत को बनाए रखता है।ओमेगा-3 फैटी एसिड दिमागी कामकाज को तेज करता है और याददाश्त बेहतर बनाता है। इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और आयरन जैसे खनिज पदार्थ भी होते हैं। वहीं एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर से हानिकारक फ्री रेडिकल्स को निकालकर हमारी कोशिकाओं की रक्षा करते हैं।

लंबे समय तक काम करने के लिये भी ऊर्जा देता 
अगर आप लंबे समय तक काम करते हैं तो चिया सीड आपके लिए बेहद फायदेमंद हैं। इसमें प्रोटीन और काबरेहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को ताकत और ऊर्ज देते हैं।

मोटापा कम करने में भी मददगार
यह मोटापा कम करने में मददगार होता है। पानी में भीगे हुए चिया सीड को खाने से पेट भरा हुआ महसूस होता है। इससे भूख कम लगती है और वजन नियंत्रित रहता है। चिया सीड त्वचा और बालों के लिए भी अच्छे हैं। चिया बीज में मौजूद विटामिन और मिनरल्स त्वचा को चमकदार बनाते हैं और बालों को मजबूत करते हैं। इसके अलावा, चिया सीड डायबिटीज नियंत्रण और हड्डियों की मजबूती के लिए भी बेहतर आहार है। इनमें मौजूद कैल्शियम और फास्फोरस हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखते हैं।

कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव करता है
एनआईएच के मुताबिक यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव भी करता है। चिया बीज में पाए जाने वाले तत्व शरीर को कैंसर से बचाने में मदद करते हैं, खासकर कोलन कैंसर और छाती के कैंसर से।

अमेरिकी डाइटरी गाइडलाइंस के अनुसार, रोजाना 48 ग्राम से ज्यादा चिया सीड का सेवन नहीं करना चाहिए। इसे ज्यादा खाने से पेट फूलना या अन्य परेशानी हो सकती है। लेकिन यदि इसे संतुलित तरीके से अपने रोज के खाने में शामिल करें, तो यह आपके स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित हो सकता है।

Exit mobile version