Site icon Dainik Savera Times

भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक से कैसे करें अपना बचाव, जानें इसके लक्षण और उपाय

Heat stroke

Heat stroke

Heat stroke: देश भर में गर्मी का प्रकोप बहुत तेजी से बढ़ रहा है। दिन के बढ़ते तापमान से लू चलने की संभावना भी बढ़ गई है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का खतरा भी सबसे ज्यादा हो जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट इससे बचाव के लिए महत्वपूर्ण सलाह देते हैं। हीट स्ट्रोक तब होता है जब शरीर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ जाता है और शरीर अपनी ठंडक बनाने की क्षमता को खो देता है। यह हमारे लिए जानलेवा भी हो सकता है। इसलिए गर्मी के मौसम में हीट स्ट्रोक से बचने के लिए सतर्क रहना बहुत जरूरी है।

नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने आम लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतकर खुद को और अपने परिवार को हीट स्ट्रोक से बचाएं। समय पर सही बचाव और प्राथमिक उपचार अपनाकर इस गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।

ये भी पढ़ें- घर का खाना क्यों है सबसे हेल्दी? जानिए इसके फायदे

इन लोगों का रखें खास ख्याल
NHM ने सभी से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का खास ध्यान रखा जाए। उन्हें ज्यादा देर धूप में न रहने दें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी से हीट स्ट्रोक को आसानी से रोका जा सकता है। गर्मी को मात देने के लिए हल्का भोजन करें, ठंडे पानी का इस्तेमाल करें और शरीर को ठंडा रखने की कोशिश करें।

हीट स्ट्रोक से बचाव के आसान उपाय भी हैं जैसे-

दोपहर के सबसे गर्म समय यानी 12 बजे से 4 बजे तक में भारी या ज्यादा मेहनत वाले काम करने से बचें।
इस दौरान बाहर जाने से बचें।
पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। भले ही प्यास न लगे, फिर भी थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें।
ज्यादा कैफीन या चीनी वाले ड्रिंक्स जैसे कोल्ड ड्रिंक्स, चाय, कॉफी से बचें। ये शरीर को और डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। गहरे रंग के कपड़े ज्यादा गर्मी सोखते हैं।
बाहर काम करते समय हर 15-20 मिनट में कुछ देर के लिए छांव में आराम करें।

ये भी पढ़ें- अपच से परेशान? गर्मियों में ये शरबत देगा राहत और एनर्जी

हीट स्ट्रोक के लक्षण

चक्कर आना
उल्टी
तेज बुखार
बेहोशी
शरीर का तापमान बहुत बढ़ जाना

हीट स्ट्रोक के लक्षण नजर आने पर अपनाए ये उपाय

तुरंत पीड़ित व्यक्ति को किसी ठंडी और हवादार जगह पर लिटा दें। उनके शरीर पर ठंडी पट्टी या ठंडे पानी से सेक करें, खासकर गर्दन, कलाई, और पैरों के तलवों पर। उन्हें ठंडे पानी के छोटे-छोटे घूंट पिलाते रहें। हालत में सुधार होने पर नमी वाले हल्के फल या खाद्य पदार्थ व जूस दें।

Exit mobile version