Site icon Dainik Savera Times

Chhath Puja Special : घर पर बनाएं खस्ता और स्वादिष्ट ठेकुआ, जानिए आसान रेसिपी

Chhath Puja Special : छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हो चुकी है। सूर्य उपासना और छठी मइया की आराधना का यह पर्व पूरे चार दिनों तक बड़े ही विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस पर्व का हर दिन विशेष महत्व रखता है, लेकिन पूजा के दौरान चढ़ाए जाने वाले प्रसादों में ठेकुआ का स्थान सबसे अहम होता है। यह पारंपरिक मिठाई न केवल प्रसाद के रूप में अर्पित की जाती है, बल्कि इसका स्वाद भी लोगों के मन को भा जाता है। कहा जाता है कि छठ पूजा ठेकुआ के बिना अधूरी मानी जाती है।

ठेकुआ बनाने के लिए जरूरी सामग्री:

डेढ़ कप गेहूं का आटा, दो चम्मच रवा (सूजी), तीन चम्मच सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल, एक चम्मच सौंफ, आधा चम्मच इलायची पाउडर, आधा कप चीनी, तीन चम्मच घी और तलने के लिए घी या रिफाइंड तेल।

ठेकुआ बनाने की विधि:
– सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और सूजी को अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें सौंफ, इलायची पाउडर, कद्दूकस किया हुआ नारियल और तीन चम्मच घी डालकर हाथों से अच्छे से मिला लें ताकि मिश्रण में घी बराबर फैल जाए। अब एक पैन में आधा कप पानी और आधा कप चीनी डालकर हल्की चाशनी तैयार करें।

– इस चाशनी को आटे के मिश्रण में डालें और नरम, लेकिन सख्त आटा गूंथ लें। आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह सेट हो जाए। अब इस आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और सांचे की मदद से या हाथ से ही ठेकुआ का आकार दें।

– कड़ाही में घी या रिफाइंड तेल गर्म करें। जब तेल मध्यम तापमान पर आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और ठेकुआ को हल्के सुनहरे भूरे रंग का होने तक तलें।

– स्वादिष्ट और खस्ता ठेकुआ तैयार है। इसे छठी मइया को भोग के रूप में अर्पित करें और परिवार के साथ प्रसाद स्वरूप ग्रहण करें। एयरटाइट कंटेनर में रखने पर यह कई दिनों तक ताजा बना रहता है। छठ पूजा की मिठास और पवित्रता में ठेकुआ का स्वाद चार चांद लगा देता है।

Exit mobile version