Mint : देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गर्मियों की तपती धूप और गर्मी में ठंडक का एहसास दिलाने में हरे और छोटे पत्ते बहुत फायदेमंद होते हैं। यहां हम बात कर रहे हैं पोषक तत्वों से भरपूर पुदीने की, जिसका सेवन न सिर्फ शरीर और दिमाग को ठंडक का एहसास कराता है, बल्कि यह हमें तरोताजा रखने में भी मदद करता है।
पोषक तत्वों से भरपूर पुदीने का सेवन गर्मियों में खास तौर पर फायदेमंद होता है। यह स्वाद तो बढ़ाता ही है, साथ ही सेहत के लिए भी वरदान है। इसकी ठंडी और ताजगी भरी खुशबू शरीर को राहत देती है और कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में भी मदद करती है। विशेषज्ञों के अनुसार पुदीना गर्मियों में ठंडक पाने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है। पुदीने में मौजूद मेंथॉल शरीर को ठंडक पहुंचाता है। इसे चटनी, रायता, जूस या सलाद के रूप में खाने से गर्मी का असर भी कम होता है।
कैंसर के उपचार में उपयोगी-
यूएस नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, “पुदीने में स्वास्थ्य के लिए कई लाभकारी गुण होते हैं। यह कैंसर के उपचार में भी उपयोगी है। इसके साथ ही यह मोटापा कम करने, रोगाणुरोधी, सूजनरोधी, मधुमेह से राहत दिलाने और हृदय की रक्षा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। पुदीने से प्राप्त फाइटोकेमिकल्स कई कैंसर जैसे सर्वाइकल, फेफड़े, स्तन कैंसर के उपचार में उपयोगी होते हैं।
पूरे दिन रखे तरोताजा-
आयुर्वेदाचार्य के अनुसार, “पुदीना गर्मियों में शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है और पसीने की बदबू को भी कम करता है। सुबह खाली पेट पानी के साथ इसका सेवन करने से आप पूरे दिन तरोताजा रहते हैं। गर्मियों में लोगों के बीच पुदीने की मांग बढ़ जाती है।
पाचन क्रिया को बनाता है बेहतर-
पुदीने के गुणों पर गौर करें तो यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और गर्मियों में अपच, गैस और एसिडिटी की समस्या से राहत दिलाता है। यह पेट को हल्का रखता है और भूख बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा पुदीने का पानी पीने से डिहाइड्रेशन से बचा जा सकता है, जो गर्मियों में होने वाली आम समस्या है।
मौसमी बीमारियों से बचाने में मददगार-
पुदीने की चाय सिरदर्द और तनाव को कम करने में मददगार है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं, जिससे यह मौसमी बीमारियों से बचाने में मददगार साबित होता है।

