नई दिल्ली: सर्दियों के मौसम में सर्दी-जुकाम, गले में खराश, जोड़ों का दर्द, पेट की सूजन और कमजोर इम्यूनिटी जैसी परेशानियां आम हो जाती हैं। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, इन समस्याओं से निपटने का प्राकृतिक और असरदार उपाय कच्ची हल्दी है।
आयुष मंत्रालय बताता है कि कच्ची हल्दी न केवल शरीर को डिटॉक्स करती है, बल्कि इसे ऊर्जा और शक्ति भी प्रदान करती है। आयुर्वेद में सदियों से इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है और विशेष रूप से सर्दियों में यह अत्यंत लाभकारी मानी जाती है।
एक्सपर्टों के अनुसार, कच्ची हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण मौजूद हैं। यह वायरल संक्रमण, सर्दी-खांसी और गले की खराश से बचाव करती है। कमजोर इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाती है। रोजाना सुबह खाली पेट शहद के साथ एक चम्मच कच्ची हल्दी का रस लेने से शरीर दिनभर वायरस से लड़ने में सक्षम रहता है।
सर्दियों में अक्सर जोड़ों में अकड़न और सूजन बढ़ जाती है। कच्ची हल्दी में मौजूद करक्यूमिन तत्व एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है, जो दर्द, सूजन और मांसपेशियों की जकड़न कम करता है। गुनगुने दूध में आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर पीने से घुटनों और कमर की लचीलापन बढ़ता है।
पाचन संबंधी समस्याओं में भी यह फायदेमंद है। पेट फूलना, अपच और वात दोष को दूर करती है और भोजन को आसानी से पचाती है। कच्ची हल्दी का नियमित सेवन त्वचा को भी स्वस्थ और चमकदार बनाता है।
सर्दियों में कच्ची हल्दी अपनाना न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि शरीर और मन दोनों को मजबूत बनाए रखता है।

