Brain Health: आमतौर पर माना जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर और दिमाग की कार्यक्षमता कम होने लगती है। लेकिन एक नए अध्ययन में सामने आया है कि स्वस्थ बुजुर्गों का मस्तिष्क युवाओं की तुलना में नींद की कमी के प्रभावों को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, बढ़ती उम्र के साथ मस्तिष्क खुद को बदलती परिस्थितियों के अनुकूल बनाने के लिए अपने काम करने के तरीके में बदलाव करता है।
उम्र के साथ बदलती है मस्तिष्क की क्षमता
शोधकर्ताओं ने अध्ययन में न्यूरोप्लास्टिसिटी यानी मस्तिष्क की खुद को बदलने और तंत्रिका संपर्कों को पुनर्गठित करने की क्षमता का विश्लेषण किया। यह क्षमता बचपन और युवावस्था में अधिक सक्रिय रहती है, लेकिन स्वस्थ मस्तिष्क में जीवनभर बनी रहती है। उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क में कई बदलाव होते हैं, लेकिन कुछ बदलाव उसकी कार्यक्षमता बनाए रखने में भी मदद कर सकते हैं।
सिर्फ तीन घंटे की नींद के बाद हुआ अध्ययन
शोध में 20 से 30 वर्ष के युवाओं और 65 से 75 वर्ष के बुजुर्गों को शामिल किया गया। दोनों आयु वर्ग के लोगों के मस्तिष्क की गतिविधियों का सामान्य नींद और केवल तीन घंटे सोने की स्थिति में अध्ययन किया गया।
नतीजों में पाया गया कि कम नींद के बाद बुजुर्गों के मस्तिष्क में तंत्रिका नेटवर्क के संपर्कों में बदलाव हुए। उनके मस्तिष्क के अलग-अलग हिस्से छोटे स्थानीय समूहों के रूप में अधिक संगठित हो गए। वहीं, युवाओं में इसके विपरीत बदलाव देखने को मिले।
स्थानीय संपर्क मजबूत करता है बुजुर्गों का दिमाग
शोधकर्ताओं के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ मस्तिष्क के सफेद पदार्थ में मौजूद तंत्रिका तंतुओं के सुरक्षात्मक आवरण यानी मायलिन को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में मस्तिष्क लंबी दूरी के संपर्कों पर निर्भरता कम करके स्थानीय संपर्कों को मजबूत करने लगता है। इससे उसकी कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
ये भी पढ़ें…
अल्जाइमर से बचाव के लिए भी जरूरी है नींद
शोधकर्ताओं ने बताया कि पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधियां मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खराब नींद का संबंध अल्जाइमर से जुड़ी मस्तिष्क की प्रक्रियाओं से भी हो सकता है।
हालांकि, अध्ययन का मतलब यह नहीं है कि बुजुर्गों को कम सोना चाहिए। हर उम्र में पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाली नींद लेना दिमाग और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

