Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

2 मिनट में नींद! क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड और कैसे करता है कमाल?

February 1, 2026

2 मिनट में नींद! क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड और कैसे करता है कमाल?

Tips For Early Sleep: आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में नींद की समस्या आम होती जा रही है। कई लोग रात को घंटों करवटें बदलते रहते हैं, तो कुछ को नींद तो आती है लेकिन गहरी नहीं होती। नींद की कमी का असर सिर्फ रात तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा दिन थकान, चिड़चिड़ापन और ध्यान की कमी बनी रहती है। ऐसे में सोशल मीडिया और हेल्थ एक्सपर्ट्स के बीच एक तरीका काफी चर्चा में है, जिसे मिलिट्री स्लीप मेथड कहा जाता है। दावा है कि इससे महज 2 मिनट में नींद आ सकती है।

क्या है मिलिट्री स्लीप मेथड?

मिलिट्री स्लीप मेथड की शुरुआत अमेरिकी ट्रैक एंड फील्ड कोच लॉयड “बड” विंटर ने की थी। उन्होंने इस तकनीक का ज़िक्र अपनी किताब Relax and Win में किया था। यह तरीका खासतौर पर दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी नेवी पायलटों के लिए तैयार किया गया था, ताकि वे अत्यधिक तनाव और कठिन परिस्थितियों में भी पर्याप्त नींद ले सकें। विंटर के अनुसार, अगर इस तकनीक को करीब छह हफ्तों तक नियमित रूप से अपनाया जाए, तो व्यक्ति किसी भी माहौल में जल्दी सो सकता है।

कैसे काम करता है यह तरीका?

इस तकनीक में शरीर और दिमाग को धीरे-धीरे पूरी तरह रिलैक्स किया जाता है। इसके लिए कुछ आसान स्टेप्स बताए गए हैं-

पहला स्टेप:
लेटने के बाद चेहरे से शुरुआत करें। माथा, आंखें, जबड़ा और जीभ को पूरी तरह ढीला छोड़ दें। इसके साथ धीमी और गहरी सांस लें।

दूसरा स्टेप:
अब अपने कंधों को ढीला करें। ऐसा महसूस करें जैसे सारा बोझ कंधों से उतर रहा हो।

तीसरा स्टेप:
अपने दोनों हाथों को आराम की स्थिति में रखें। बाइसेप्स से लेकर कलाई और उंगलियों तक पूरा हाथ रिलैक्स करें।

चौथा स्टेप:
इसके बाद पैरों पर ध्यान दें। जांघों, घुटनों, पिंडलियों और पंजों को एक-एक कर ढीला छोड़ दें।

पांचवां स्टेप:
अंत में दिमाग को शांत करें। किसी सुखद दृश्य की कल्पना करें या मन में दोहराएं कि “कुछ मत सोचो”।

क्या वाकई 2 मिनट में नींद आ जाती है?

इस तरीके को लेकर विशेषज्ञों की राय बंटी हुई है। आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को सोने में 5 से 20 मिनट का समय लग सकता है। सैनिकों की दिनचर्या बेहद कठिन और थकाने वाली होती है, इसलिए उनके लिए यह तरीका ज्यादा असरदार साबित हो सकता है। आम लोगों के लिए यह तकनीक मददगार हो सकती है, लेकिन हर किसी पर इसका असर एक-सा हो, यह ज़रूरी नहीं।

अच्छी नींद के लिए ज़रूरी आदतें

–रोज़ एक ही समय पर सोने और जागने की आदत डालें
–दिन में ज्यादा देर तक न सोएं
–अगर नींद नहीं आ रही हो तो बिस्तर पर पड़े न रहें
–सोने से पहले मोबाइल और स्क्रीन से दूरी बनाएं

Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या नींद से जुड़ी गंभीर परेशानी में अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। दैनिक सवेरा टाइम्स किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें