Dainik Savera Times

जमाते ही खट्टा हो जाता है दही… तो अपनाएं ये घरेलू उपाए, पाएँ गाढ़ा और मलाईदार स्वाद

Lifestyle: दही भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है चाहे बात पराठों के साथ खाने की हो या रायते में मिलाने की, दही हर तरह खाने में पसंद किया जाता है। लेकिन घर पर दही जमाते वक्त सबसे बड़ी परेशानी तब होती है जब वो जरूरत से ज्यादा खट्टा हो जाए। कभी जामन ज्यादा पड़ जाता है, तो कभी गर्मी के कारण दही जरूरत से ज्यादा समय में रखा रह जाता है और नतीजा, खट्टी दही!

पर अब चिंता की कोई बात नहीं। हम लाए हैं कुछ ऐसे आसान और घरेलू टिप्स, जिनकी मदद से आप खट्टी दही को फिर से बना सकते हैं स्वादिष्ट और क्रीमी वो भी सिर्फ कुछ ही मिनटों में।

1. दही का पानी निकालें, पाएँ गाढ़ा और मलाईदार स्वाद

अगर दही बहुत खट्टी हो गई है, तो सबसे पहले उसे किसी सूती कपड़े में डालकर कुछ समय के लिए टांग दें। इससे उसका अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और बची हुई दही गाढ़ी और क्रीमी हो जाएगी। यह तरीका खासतौर पर रायते या दही के डिप्स बनाने के लिए बढ़िया रहता है।

2. फल और शहद से बढ़ाएं स्वाद

खट्टी दही को मीठे फलों जैसे आम, केला, सेब या चीकू के छोटे टुकड़ों के साथ मिलाएं। ऊपर से थोड़ा शहद या चीनी मिला दें। यह न केवल दही की खटास को कम करेगा, बल्कि बच्चों को भी यह फ्लेवर काफी पसंद आएगा।

3. दूध या क्रीम से करें बैलेंस

अगर दही हल्की खट्टी है, तो उसमें थोड़ा ठंडा दूध मिलाएं और अच्छी तरह फेंट लें। इससे न सिर्फ खटास कम होगी, बल्कि दही का टेक्सचर भी और क्रीमी हो जाएगा। आप चाहें तो एक चम्मच फ्रेश क्रीम भी डाल सकते हैं यह दही को रिचनेस देगा और खट्टापन गायब कर देगा।

4. नमक और चीनी का सही तालमेल

दही को बैलेंस करने के लिए आप थोड़ा नमक और एक चुटकी चीनी साथ में मिला सकते हैं। यह तरीका खासतौर पर जब आप दही को रायते या पराठे के साथ खाने वाले हों, तो बेहद कारगर है।

5. फ्रिज में रखें और अच्छे से फेंटें

दही को कुछ देर के लिए फ्रिज में रख देने से उसकी खटास कुछ हद तक कम हो जाती है। ठंडी दही खाने में भी ज्यादा अच्छी लगती है। इसके बाद उसे अच्छे से फेंट लें इससे दही का टेक्सचर स्मूद हो जाएगा और स्वाद भी निखर जाएगा।

खट्टी दही से बनाएं नई रेसिपीज

अगर दही का खट्टापन बहुत ज्यादा है और खाने में इस्तेमाल नहीं हो पा रही है, तो आप इससे कढ़ी, ढोकला, या बेकिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं। खट्टा दही इन खाने की चीजों में स्वाद बढ़ाने का काम करता है।

ये भी पढ़ें: Weak Global Cues का असर, भारतीय बाजार गिरावट के साथ खुला; IT-Metal Stocks में दबाव

Exit mobile version