Site icon Dainik Savera Times

अनिल कपूर की बेटी रिया के 1.35 करोड़ के हीरे के ईयररिंग्स चोरी, पुलिस जांच में जुटी

riya kapoor

मुंबईः फिल्ममेकर और फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर की टीम के साथ विदेश यात्रा के दौरान बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। न्यूयॉर्क में आयोजित एक बड़े फैशन इवेंट के लिए जाते समय उनकी टीम के पास मौजूद करीब 1.35 करोड़ रुपये कीमत के किराए पर लिए गए महंगे इयररिंग्स गायब हो गए। मामले में मुंबई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

न्यूयॉर्क फैशन शो के लिए लिया गया था ज्वेलरी सेट
रिया कपूर को न्यूयॉर्क में आयोजित प्रतिष्ठित फैशन इवेंट में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। इस कार्यक्रम के लिए उनकी टीम ने मुंबई के मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स से दो जोड़ी महंगे डायमंड इयररिंग्स किराए पर लिए थे। इन इयररिंग्स की जिम्मेदारी रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह के पास थी। सवलीन पिछले सात वर्षों से रिया कपूर के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने दोनों ज्वेलरी बॉक्स अपने हैंडबैग में सुरक्षित रखे थे।

मुंबई से दुबई होते हुए न्यूयॉर्क पहुंची टीम
रिया कपूर और उनकी टीम ने 27 अप्रैल की रात करीब 10:25 बजे मुंबई से अमीरात एयरलाइंस की फ्लाइट पकड़ी। टीम पहले दुबई पहुंची और वहां से दूसरी फ्लाइट लेकर न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी एयरपोर्ट पहुंची। करीब 28 अप्रैल की शाम 5:30 बजे पूरी टीम न्यूयॉर्क पहुंची और वहां से होटल पियर न्यूयॉर्क में ठहरी। यात्रा के दौरान ज्वेलरी सवलीन सिंह के हैंडबैग में ही रखी हुई थी।

होटल पहुंचकर खुला चोरी का राज
होटल पहुंचने के बाद सवलीन सिंह ने टीम की सदस्य शिरीन को इयररिंग्स देने के लिए ज्वेलरी बॉक्स खोले। लेकिन बॉक्स खोलते ही सभी हैरान रह गए, क्योंकि दोनों बॉक्स खाली थे। जांच में पता चला कि दोनों महंगे इयररिंग्स गायब हैं। इनमें मेहता ज्वेलर्स के पन्ना जड़े डायमंड और सोने के इयररिंग्स शामिल थे, जिनकी कीमत लगभग 66 लाख रुपये बताई गई है। वहीं गोयंका ज्वेलर्स के जाम्बियन स्टोन और सोने की बॉर्डर वाले इयररिंग्स की कीमत करीब 69 लाख रुपये थी।

मुंबई लौटकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सवलीन सिंह ने मुंबई लौटने पर सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि ज्वेलरी की चोरी किस स्थान पर हुई। इसलिए पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट से होटल तक हर कड़ी की जांच
मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी मुंबई एयरपोर्ट पर हुई, फ्लाइट के दौरान हुई या फिर न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद किसी समय इयररिंग्स गायब हुए। इसके लिए पुलिस मुंबई एयरपोर्ट, फ्लाइट यात्रा और न्यूयॉर्क होटल तक की पूरी टाइमलाइन की जांच कर रही है। साथ ही यात्रा के दौरान ज्वेलरी किस-किस के संपर्क में रही, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के किराए पर लिए गए इयररिंग्स के गायब होने का मामला गंभीर है। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर इतनी महंगी ज्वेलरी कब और कहां चोरी हुई।

Exit mobile version