Site icon Dainik Savera Times

Delhi Car Blast के बाद मुंबई में हाई अलर्ट, सिद्धिविनायक मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम लाल किला के पास हुए धमाके के बाद पूरे देश में चिंता बढ़ गई है। इस धमाके में 11 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा कड़ी कर दी है। मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। वहीं, मुंबई का श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर बहुत प्रसिद्ध और भीड़भाड़ वाला मंदिर है। यह मंदिर प्रभादेवी (दादर के पास) स्थित है और इसे इच्छा पूरी करने वाला गणपति कहा जाता है। हर मंगलवार को यहां लाखों भक्त दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। धमाके की खबर के बाद पुलिस ने मंदिर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है, अतिरिक्त पुलिस बल और बम स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है।

दिल्ली का लाल किला फिलहाल पब्लिक के लिए बंद
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने लाल किला को अगले आदेश तक आम जनता के लिए बंद कर दिया है। धमाके में मारे गए लोग देश के अलग-अलग राज्यों से थे -बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लोग इस घटना में शामिल बताए जा रहे हैं।

 NIA कर सकती है जांच
फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और लोकल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से इस धमाके का लिंक मिलने के बाद अब जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी जा सकती है। NIA देश में आतंक से जुड़ी घटनाओं की जांच करने वाली शीर्ष एजेंसी है, जो अब इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करेगी।

देशभर में सुरक्षा सख्त, मंदिरों और सार्वजनिक जगहों पर निगरानी बढ़ी
दिल्ली धमाके के बाद पूरे देश में संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों-जैसे अयोध्या का राम मंदिर, वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर, और मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सार्वजनिक जगहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजारों में CCTV निगरानी तेज कर दी गई है।

देशभर में सुरक्षा एजेंसिया सतर्क
दिल्ली में हुए इस धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। लोग सरकार से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन जनता से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है।

ये भी पढ़ेंः Delhi Blast: धमाके से पहले की CCTV आई सामने! हुए कई अहम खुलासे

Exit mobile version