लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में माछीवाड़ा-कुहाड़ा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां नशे की हालत में सड़क पर गिरे एक युवक की मदद करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। युवक को सड़क से हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचाने की कोशिश कर रहे लोगों को पीछे से आई एक तेज रफ्तार पीले रंग की कॉलेज बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक निहंग सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस की टक्कर का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।
सड़क पर गिरे युवक की मदद कर रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, एक युवक नशे की हालत में सड़क पर गिरा हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे किरणदीप सिंह और कुछ अन्य लोगों ने उसे सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का फैसला किया। लोग युवक को संभालने की कोशिश कर रहे थे। सड़क किनारे उनकी बाइक और एक्टिवा भी खड़ी थीं। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में एक पीले रंग की कॉलेज बस आई और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। अचानक हुई इस टक्कर से लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर से दूर जा गिरी पगड़ी, निहंग सिंह को गंभीर चोटें
हादसे में घायल प्रदीप सिंह ने बताया कि बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी पगड़ी उछलकर दूर जा गिरी। उनके गर्दन, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का कहना है कि बस चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया।
बस चालक पर नशे में होने का आरोप
घायल किरणदीप सिंह ने बस चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस को रुकवाया और पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
घायलों ने अस्पताल में डॉक्टर और एंबुलेंस नहीं मिलने का लगाया आरोप
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए माछीवाड़ा अस्पताल ले जाया गया। वहां की व्यवस्था को लेकर भी पीड़ितों ने सवाल उठाए हैं। घायलों का आरोप है कि रविवार होने के कारण अस्पताल में डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें समराला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ितों ने यह भी कहा कि उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस नहीं मिली। उनका आरोप है कि पूछने पर बताया गया कि एंबुलेंस छठ पूजा की ड्यूटी पर गई हुई है। इसके बाद उन्हें निजी वाहनों की मदद से समराला अस्पताल पहुंचना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन ने आरोपों पर दी सफाई
वहीं, अस्पताल के डॉक्टर ने घायलों को इलाज न मिलने के आरोपों पर अपनी बात रखी। डॉक्टर के मुताबिक, घायल मरीज रविवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल पहुंचा था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसकी जांच की और जरूरी उपचार देने के बाद उसे भर्ती कर लिया था। डॉक्टर ने बताया कि मरीज के सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत (वाइटल्स) स्थिर हैं। अंदरूनी चोटों की वजह से दर्द होना सामान्य है। अस्पताल की ओर से पुलिस को रुक्का और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) भी भेज दी गई है।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया, जांच जारी
माछीवाड़ा के थाना प्रभारी (SHO) पवित्तर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज किए जाने हैं। उनके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बस से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटा रही है। वहीं, हादसे में घायल लोगों ने पंजाब के होम सेक्रेटरी और वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

