Site icon Dainik Savera Times

Video : सलमान खान की राम मंदिर वाली घड़ी को लेकर बढ़ा विवाद… मौलाना हुए नाराज, कह दी ये बड़ी बात

नेशनल डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को हाल में ही उनके घरवालों ने एक कीमती घड़ी गिफ्ट की है। उसमें राम मंदिर का चित्र बना है, जिससे मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी इन दिनों भड़के हुए हैं। उन्होंने सलमान खान की इस घड़ी को लेकर कड़ी टिप्पणी की और इसे इस्लाम विरोधी करार दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए बरेलवी ने कहा, “सलमान खान एक मशहूर मुसलमान हैं और उनके लाखों फैंस हैं। वह राम मंदिर के प्रचार के लिए ऐसी घड़ी पहन रहे हैं। यह किसी भी मुसलमान के लिए गलत है, ऐसा नहीं किया जा सकता।”

गैर इस्लामी प्रचार को गलत ठहराया

बरेलवी ने आगे कहा कि यदि सलमान खान राम मंदिर का प्रचार कर रहे हैं या किसी अन्य धर्म का प्रचार कर रहे हैं, तो यह इस्लाम में हराम है। उन्होंने सलमान से अपील की कि वह तौबा करें और शरीयत के उसूलों का पालन करें, ताकि उनकी दिनचर्या शरीयत के अनुसार हो सके। बरेलवी के मुताबिक, “राम एडिशन वाली घड़ी पहनना और इसका प्रचार करना गैर मुस्लिमों का प्रचार करना है, जो शरीयत के लिहाज से हराम है।”

घड़ी के बारे में जानकारी

यह घड़ी प्रसिद्ध ब्रांड जैकब एंड को की है, जिसे एपिक्स एक्स राम जन्मभूमि टिटैनियम एडिशन 2 के नाम से जाना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घड़ी की कीमत करीब 34 लाख रुपये है। घड़ी के डायल पर अयोध्या मंदिर का चित्र उकेरा गया है, और हिंदू देवी-देवताओं के पवित्र मंत्र भी उसमें शामिल हैं। इस मामले पर मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी का बयान अब सोशल मीडिया और खबरों में चर्चा का विषय बन चुका है, और इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

Exit mobile version