
राजकोट: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि खोडलधाम कैंसर अस्पताल सेवा भावना तथा सर्व समाज के कल्याण का प्रतीक बनेगा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज राजकोट जिले में कागवड से श्री खोडलधाम कैंसर अस्पताल तथा अनुसंधान केन्द्र का भूमिपूजन किया। इस कार्यक्रम में मोदी आभासी माध्यम से जुड़े। उन्होंने सातवें पाटोत्सव के अवसर पर खोडलधाम की पवित्र भूमि पर उपस्थित भक्तों के साथ जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मोदी ने कहा कि राजकोट में पडधरी तहसील के अमरेली में निर्मित होने वाले कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र के भूमिपूजन के साथ खोडलधाम ट्रस्ट ने जन कल्याण तथा सेवा के क्षेत्र में एक और सुंदर पहल की है।
उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से राजकोट सहित सौराष्ट्र के बड़े प्रदेश को लाभ होगा। यह कैंसर अस्पताल सेवा भावना एवं सर्व समाज के कल्याण का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि लेउआ पाटीदार समाज द्वारा सेवा, संस्कार एवं समर्पण के संकल्प के साथ प्रारंभ हुए खोडलधाम ट्रस्ट ने शिक्षा, कृषि एवं स्वास्थ्य के क्षेत्रों में उदाहरणीय कार्य करके अनेक लोगों का जीवन बदलने का कार्य किया है। मोदी ने कहा कि कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ा खर्च होता है, तब मरीज एवं उसके परिजन को आर्थिक मुश्किलों से बचाव को सुनिश्चित करने को सरकार कटिबद्ध है। सरकार ने पिछले नौ वर्षों में लगभग 30 कैंसर अस्पताल शुरू किए हैं और 10 नए कैंसर अस्पताल बन रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...