
एजैंसी (नई दिल्ली): भारत सरकार के डायरैक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग ने एमवी हार्बर फिनिक्स में मौजूद 10 भारतीय नाविकों की सफल रिहाई की घोषणा की है। इन नाविकों को जुलाई 2025 में ईरान के जस्क पोर्ट के पास जहाज रोके जाने के बाद हिरासत में लिया गया था। करीब 9-10 महीने बाद नाविकों की रिहाई हुई है। डायरैक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग ने बयान जारी कर कहा कि सभी नाविक सुरक्षित हैं और उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
सरकार के अनुसार, विदेश मंत्रालय, पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास, जहाज प्रबंधन कंपनी और अन्य एजेंसियों ने मिलकर लगातार कूटनीतिक प्रयास किए, जिसके बाद यह रिहाई संभव हो सकी। अधिकारियों ने बताया कि सभी नाविकों को एक-दूसरे से मिलवा दिया गया है और उन्हें जल्द भारत लाने की तैयारी चल रही है। सरकार ने कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण उसकी प्राथमिकता है।