Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

हैदराबाद में जब्त हुआ 1,000 लीटर भेड़-बकरी का खून, छापा मारते वक्त दंग रह गई पुलिस, जानें पूरा मामला

January 8, 2026

हैदराबाद में जब्त हुआ 1,000 लीटर भेड़-बकरी का खून, छापा मारते वक्त दंग रह गई पुलिस, जानें पूरा मामला

नेशनल डेस्क। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां, बेजुबान जानवरों के खून का अवैध कारोबार किया जा रहा था। ड्रग कंट्रोल विभाग और हैदराबाद सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भेड़ और बकरियों का खून जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि काचेगुड़ा इलाके में स्थित ‘CNK इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट’ नाम की एक फर्म में जानवरों का खून अवैध रूप से इकट्ठा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस और ड्रग कंट्रोल की टीम ने वहां छापा मारा, तो हालात देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

 

छापेमारी में मिला करीब 1000 लीटर खून
छापेमारी के दौरान फर्म के अंदर बड़े-बड़े कंटेनरों में भेड़ और बकरियों का खून भरा हुआ मिला। यह खून सुरक्षित तरीके से स्टोर किया गया था और बाहर भेजने के लिए तैयार रखा गया था। जांच में सामने आया कि मौके से लगभग 1000 लीटर जानवरों का खून बरामद किया गया।

 

जीवित जानवरों से निकाला जा रहा था खून
जांच में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई, वह यह थी कि यह खून किसी वैध वधशाला से नहीं लिया गया था। आरोप है कि जीवित भेड़ और बकरियों से जबरदस्ती खून निकाला जा रहा था। यह पशु क्रूरता कानूनों का सीधा उल्लंघन है और जानवरों के साथ अत्यंत अमानवीय व्यवहार माना जाता है।

 

हरियाणा की फर्म को भेजा जा रहा था खून
अधिकारियों के मुताबिक, यह खून हैदराबाद से हरियाणा की एक फर्म को भेजा जा रहा था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस अवैध सप्लाई के पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था।

देखें वीडियोः Moga ਕੋਰਟ ਕੰਪਲੈਕਸ ਨੂੰ ਬੰਬ ਨਾਲ ਉਡਾਉਣ ਦੀ ਮਿਲੀ ਧਮਕੀ

अवैध क्लीनिकल ट्रायल की आशंका
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस खून का अंतिम उपयोग किस काम के लिए किया जा रहा था। हालांकि, जांच एजेंसियों को शक है कि इसका इस्तेमाल अवैध क्लीनिकल ट्रायल या गैरकानूनी चिकित्सा प्रयोगों में किया जा सकता था। ऐसे मामलों में सस्ते विकल्प के तौर पर जानवरों के खून का गलत इस्तेमाल किया जाता है।

 

फर्म का मालिक फरार, तलाश जारी
छापेमारी के बाद से CNK इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट का मालिक निकेश फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ पशु क्रूरता, अवैध व्यापार और बायोमेडिकल नियमों के उल्लंघन की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

 

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए नमूने
जब्त किए गए खून के नमूनों को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पढ़ें ये खबरः अक्षय कुमार-प्रियदर्शन की हॉरर कॉमेडी ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट हुई तय, 15 मई 2026 को देगी सिनेमाघरों में दस्तक 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें