Site icon Dainik Savera Times

मैं जो हूं आपने ही बनाया है दोस्तो, मंजिल तलक तुम्हीं ने पहुंचाया दोस्तो!

dainik savera 14th anniversary

dainik savera 14th anniversary

आपके इस सर्वप्रिय समाचारपत्र ने सदा एक ही राह अपनाई है, निष्पक्षता की राह। किसके पास सत्ता है, कौन विपक्ष में है हमें इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है। दैनिक सवेरा की पूरी टीम एक ही मार्ग पर चलती है कि जो सत्य है केवल वही प्रकाशित करना है तथा किसी भी प्रकार के दबाव में पत्रकारिता नहीं करनी है।

आज के युग में निष्पक्ष पत्रकारिता करना सरल कार्य नहीं, लेकिन आपके दैनिक सवेरा ने न तो निष्पक्षता की राह छोड़ी है तथा न ही छोड़ेगा

प्रिय पाठको,

आज आपका अपना दैनिक सवेरा 14 वर्ष का युवा दैनिक समाचारपत्र बन गया है तथा 15वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। इतिहास इस बात का गवाह है कि आपके सहयोग से जो सफलता आपके प्रिय दैनिक सवेरा ने प्राप्त की है वह बहुत कम समाचारपत्रों की ही किस्मत में आई है। कुछ समाचारपत्र समूह ऐसे हैं जिनके अन्य भाषाओं के समाचारपत्र पहले से स्थापित थे तथा बाद में उन्होंने हिंदी के समाचारपत्र प्रारम्भ किए तो कुछ वर्षों में स्थापित हो गए, लेकिन दैनिक सवेरा अपने संस्थान का प्रथम समाचारपत्र है, इसके बावजूद सफलता की बुलंदियों को छूने में सफल हुआ है। वास्तव में किसी भी समाचारपत्र की सफलता के पीछे सबसे बड़ी बात होती है उसकी सोच। दैनिक सवेरा ने प्रथम दिवस से ही निष्पक्षता की सोच तथा नीति के साथ कार्य करना शुरू किया था, तथा उसी राह पर चलते हुए आगे बढ़ रहा है। कौन सी पार्टी सत्ता में है, कौन विपक्ष में है हमारा इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है। जब भी कोई अच्छा काम करता है हम उसे भी प्रकाशित करते हैं तथा जब भी कोई गलती होती है तो उसे भी छिपाने का कार्य हम नहीं करते।

इसी प्रण के साथ हमने दैनिक सवेरा का प्रकाशन प्रारम्भ किया था तथा भविष्य में भी इसी मार्ग पर चलते रहेंगे। और आज अगर दैनिक सवेरा घर-घर तक पहुंचा है तथा पंजाब का सबसे अधिक पढ़ा जाने वाला दैनिक समाचारपत्र बना है तो उसके पीछे हमारी यही नीति है। हमने इसी संकल्प के साथ प्रकाशन प्रारम्भ किया था तथा इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं तथा आपके सहयोग के साथ भविष्य में भी अग्रसर रहेंगे। जो लोग पत्रकारिता से जुड़े हैं वे जानते हैं के आज के युग में निष्पक्ष पत्रकारिता करना सरल कार्य नहीं है, लेकिन आपके दैनिक सवेरा ने न तो निष्पक्षता की राह छोड़ी है तथा न ही छोड़ेगा। इसके अतिरिक्त दैनिक सवेरा की राह है सत्य लिखना तथा सत्य दिखाना। दैनिक सवेरा ने कभी भी पेड न्यूज की राह नहीं पकड़ी, आपके इस सर्वप्रिय समाचारपत्र ने सदा एक ही राह अपनाई है, निष्पक्षता की राह। किसके पास सत्ता है, कौन विपक्ष में है हमें इससे कुछ भी लेना-देना नहीं है। दैनिक सवेरा की पूरी टीम एक ही मार्ग पर चलती है कि जो सत्य है केवल वही प्रकाशित करना है तथा किसी भी प्रकार के दबाव में पत्रकारिता नहीं करनी है। बात केवल राजनीति की नहीं है, आपका दैनिक सवेरा समाजसेवा, धार्मिक समारोह, खेल तथा सांस्कृतिक समारोहों की भी बिना भेदभाव के कवरेज करता है।

प्रिय पाठको, आप जानते हैं कि दैनिक सवेरा ने कितने गैंगस्टरों और अन्य गलत कार्य करने वालों को बेनकाब किया है तथा उनकी बेनकाबी के कारण वे आज सलाखों के पीछे बैठे हैं। दैनिक सवेरा की निष्पक्षता सम्पादकीय पृष्ठ पर भी आप प्रतिदिन देखते हैं तथा आपके पत्र हमारा हौसला भी बढ़ाते हैं। बेशक यह सत्य है कि दैनिक सवेरा की सफलता के पीछे हमारी निष्पक्षता की नीति की बड़ी भूमिका है, लेकिन प्रिय पाठको, इस सफलता के पीछे आपके प्रेम तथा आपके सहयोग का भी बहुत बड़ा योगदान है। अगर आप सहयोग नहीं करते तो आज दैनिक सवेरा जहाँ पहुंचा है, कभी नहीं पहुंच पाता। आपका दैनिक सवेरा अगर पंजाब का सबसे अधिक लोगों तक पहुंचने वाला समाचारपत्र बन गया है तो इसका स्पष्ट मतलब यही है कि पाठक अब निष्पक्ष समाचारपत्र को पसंद करते हैं। पत्रकारिता की दुनिया से जुड़े लोग जानते हैं कि पक्षपात करने वाले समाचारपत्रों की प्रसार संख्या घटी है तथा दैनिक सवेरा की प्रसार संख्या लगातार बढ़ रही है। जहां तक आज हम पहुंचे हैं वहां तक पहुंचने में मेरे सभी संपादकों, पत्रकारों तथा अन्य सहयोगियों का भी बहुत बड़ा योगदान है। मैं अगर उनका आभार व्यक्त नहीं करूंगा तो मैं उनके साथ अन्याय कर रहा होऊंगा, तथा मैं ऐसा कदापि नहीं कर सकता। यही तो मेरी सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा, दैनिक सवेरा की सफलता के पीछे इनकी मेहनत की बहुत बड़ी भूमिका है।

सभी पाठकों का भी आभार, जिन्होंने दैनिक सवेरा को अपनाया तथा विशेष रूप से उनका जो हमारी गलतियां निकालकर भेजते हैं और हमें सुधारने का अवसर प्रदान करते हैं। जो लोग सुझाव भेजते हैं, उनका भी धन्यवाद तथा जो दूसरे लोगों को कहते हैं कि सबसे अच्छा तथा निष्पक्ष समाचारपत्र दैनिक सवेरा है, उसे पढ़ना शुरू करें, उनका भी आभार। मेरा निवेदन है कि जहां भी कहीं कोई कमी अथवा गलती हो उसे ध्यान में लाना मत छोड़िएगा। जो हमारी गलती निकालता है, वही सच्चा मित्र होता है। हमारी सम्पूर्ण टीम के कठिन परिश्रम के चलते ही पाठकों ने दैनिक सवेरा की निष्पक्षता को स्वीकार किया और आपका दैनिक सवेरा न केवल पाठकों की पहली पसंद बन गया, न केवल प्रसार संख्या में अग्रणी हो गया बल्कि विज्ञापनदाताओं को भी इसकी विश्वसनीयता का शीघ्र ही आभास हो गया।

ये कोई छोटी बात नहीं है कि आपके सहयोग से हम मंजिल-दर-मंजिल हासिल करते हुए आगे से आगे बढ़ते चले जा रहे हैं। प्रसार संख्या की मंजिल तय की, बेहतरीन प्रिंटिंग की मंजिल तय की, बेहतरीन मैगजीन पेज की मंजिल तय की, स्पोर्ट्स कवरेज में सबसे आगे रहने की मंजिल तय की, आर्टिकल पेज में निष्पक्ष रहते हुए सफलता की मंजिल तय की। अब तो अंग्रेजी दैनिक ‘द सवेरा टाइम्स’ का भी प्रकाशन सफलतापूर्वक चल रहा है तथा उसकी प्रसार संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। खुशी इस बात की है कि जिस प्रकार आपने दैनिक सवेरा को प्यार दिया, उसी प्रकार आप लोग ‘द सवेरा टाइम्स’ से भी मोहब्बत कर रहे हैं। इस सबके लिए मैं आप सबका दिल की गहराईयों से आभारी हूं। आभार तो मुझे मेरे सभी संपादकों, पत्रकारों, एजैंटों, हॉकरों और प्रबंधकों का भी करना है। मेरा परिवार तो मेरी सबसे बड़ी शक्ति है ही। जिस प्रकार से मंजिल-दर-मंजिल आप और मैं आगे बढ़ रहे हैं, उसके लिए आप सबका धन्यवाद तथा मां भवानी का शुक्रआना। दैनिक सवेरा की वर्षगांठ पर आप सबको बधाई एवं शुभकामनाएं। भविष्य में भी अपना स्नेह मुझ पर तथा दैनिक सवेरा पर बरसाते रहें।

मैं जो हूँ आप ने ही बनाया है दोस्तो मंजिल तलक तुम्हीं ने पहुंचाया दोस्तो!

                                                                                                                                                                                                                        – आपका, शीतल विज।

 

Exit mobile version