15 pilgrims stranded on the Mansarovar Yatra : पिथौरागढ़। आदि कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर निकले महराजगंज के श्रद्धालु उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूस्खलन के कारण फंस गए हैं। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक चौरसिया समेत 15 श्रद्धालु मंगलवार सुबह पिथौरागढ़ से रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे।
इसी दौरान रास्ते में भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार रास्ता साफ होने में करीब दो दिन लग सकते हैं। फंसे स्थान से पिथौरागढ़ करीब 15 किलोमीटर दूर है, जबकि घटनास्थल से काठगोदाम वापस पहुंचने में करीब चार घंटे लग सकते हैं, लेकिन गाड़ियां नहीं मिल रही हैं।
श्रद्धालुओं का दल 12 सितंबर को गोरखपुर से ट्रेन के जरिये काठगोदाम एक्सप्रेस से रवाना हुआ था। 13 सितंबर को सभी श्रद्धालु काठगोदाम पहुंचे। इसके बाद सभी लोग नीम करौली और बागेश्वर धाम होते हुए 14 सितंबर की शाम पिथौरागढ़ पहुंचे थे।
पिथौरागढ़ पहुंचने के बाद श्रद्धालु आदि कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान रास्ते में पुल टूट जाने की जानकारी मिली, जिसके कारण आदि कैलाश-मानसरोवर जाने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। यात्रा के लिए पहले से कराए गए टिकट भी कैंसिल कराकर श्रद्धालुओं ने 16 सितंबर को वापसी का टिकट करा लिया था।

