धार : मध्यप्रदेश के धार जिले में एक निजी स्कूल के शौचालय में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दे रही 17 वर्षीय छात्र ने समयपूर्व बच्चे को जन्म दिया। घटना पीथमपुर के एक निजी स्कूल में गणित परीक्षा के दौरान हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि छात्र ने पेट दर्द की शिकायत कर शौचालय जाने की अनुमति मांगी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। जांच करने पर शौचालय से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी।
महिला कर्मचारियों ने छात्र और शिशु को 108 एम्बुलैंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डा. प्रशांत कजावे के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है। जांच में पता चला कि गर्भ 34 सप्ताह का था। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। छात्र ने आरोप लगाया कि एक युवक ने दुष्कर्म किया और धमकी दी, जिससे उसने परिवार को जानकारी नहीं दी।

