काठमांडू : एवरैस्ट के शिखर से उतरते वक्त 2 भारतीय पर्वतारोहियों की मौत हो गई। अरुण कुमार तिवारी और संदीप अरे नामक पर्वतारोही शिखर से नीचे आते समय बुरी तरह थक गए थे, गाइड ने उन्हें बचाने के बहुत प्रयास किए लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। ऐसा प्रतीत होता है कि अरे ने बुधवार को और तिवारी ने वीरवार शाम लगभग 5.30 बजे शिखर पर चढ़ाई की। अभियान का आयोजन करने वाले ‘पायनियर एडवैंचर्स’ के निदेशक निवेश कार्की ने बताया कि शिखर से ठीक नीचे हिलेरी स्टेप के पास, वीरवार शाम उतरते समय तबीयत बिगड़ने के बाद तिवारी की मौत हो गई।
बीमार पड़ने पर 4 शेरपा पर्वतारोही उनकी सहायता कर रहे थे। कार्की ने बताया कि संदीप अरे ने बुधवार को शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी, लेकिन उतरते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई। शेरपा गाइडों ने उन्हें साऊथ समिट से बचाया, लेकिन शुक्रवार तड़के कैंप-2 पहुंचने के कुछ ही समय बाद उनकी मौत हो गई। इस सीजन में एवरैस्ट पर मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। इससे पहले, 3 नेपाली पर्वतारोहियों की एवरैस्ट पर मौत हो चुकी है।

