Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

आश्रम में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या, फैली सनसनी…

March 6, 2025

आश्रम में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या, फैली सनसनी…

रांची डेस्क : रांची के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित आनंद शीला आश्रम में घुसकर बंदूकधारियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए लोगों की पहचान राजेंद्र यादव और महेश के रूप में हुई है। बुधवार आधी रात हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रांची के ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस दोहरे हत्याकांड की जांच कर रही है। इसके लिए एसआईटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि चान्हो थाना क्षेत्र के चौड़ा चामा में एक आश्रम है। राजेंद्र यादव और महेश दोनों लंबे समय से इसी आश्रम में रह रहे थे। रात लगभग एक बजे कुछ हथियारबंद लोग आश्रम पहुंचे और राजेंद्र यादव पर फायरिंग करने लगे। गोलियों की आवाज सुनकर जब महेश आगे बढ़े तो अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी।

आपसी रंजिश का मामला

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी वहां से भाग चुके थे। लोगों ने चान्हो पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन महेश ने पहले ही दम तोड़ दिया था। राजेंद्र यादव की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। गुरुवार सुबह इस वारदात की जानकारी मिलने पर इलाके के कई लोग आश्रम पहुंचे।

बताया गया कि राजेंद्र यादव पर अपने भाई की पत्नी और उसकी मासूम बेटी की हत्या का आरोप था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह आश्रम में छिपकर रह रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजे गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें