
Haryana : हरियाणा के पलवल जिले में कथित गौरक्षकों ने दो युवकों के साथ मारपीट की और फिर उन्हें नहर में फेंक दिया। इनमें से एक की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने घटना की जानकारी दी। इस मामले में 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है जिनमें से अब तक केवल 5 को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पलवल जिले में 22 फरवरी को एक ट्रक को रोका था। उन्हें गाय की तस्करी का शक था। यह ट्रक मवेशियों को लेकर राजस्थान से लखनऊ जा रहा था। लेकिन रात के कारण ड्राइवर रास्ता भटक गया था और हरियाणा के पलवल से गुजर रहा था। ऐसे में बाइक सवार लोग आए और ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को बुरी तरह पीटा। और फिर उन्हें नहर में भी फेंक दिया।
अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों ने ड्राइवर और हेल्पर की मौत हो गई समझकर उन्हें नहर में फेंक दिया था। ट्रक ड्राइवर बालकिशन सुरक्षित तैरकर बाहर निकल गया। जिसके पश्चात उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस एक्शन में आते ही पहले हेल्पर संदीप का शव बीते रविवार को नहर से बरामद किया गया। पलवल के डीसीपी (क्राइम) मनोज वर्मा ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान देवराज, निखिल, नरेश, पवन और पंकज के रूप में हुई है जो कि पलवल, गुरुग्राम और नूहं के निवासी है।
पोस्टमार्टम में सामने आया मौत का कारण
संदीप का पोस्टमार्टम कराया गया है जिससे यह जानकारी सामने आई है कि उसे काफी गंभीर चोटें आई थीं। ड्राइवर ने गाय को ले जाने से जुड़ा दस्तावेज दिखाया है और उसका सत्यापन किया जा रहा है। वहीं जानकारी सामने आने पर आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने इनाम की भी घोषणा की थी। हरियाणा में गौरक्षकों द्वारा किसी पर हमला करने की यह पहली घटना नहीं है। ऐसी घटनाएं हरियाणा में होती रही हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...