Site icon Dainik Savera Times

व्यक्ति के चरित्र प्रमाण पत्र पर ‘आदतन शिकायती’ लिखने के आरोप में 2 पुलिसकर्मी निलंबित

Madhya Pradesh

Madhya Pradesh

बेतूल : Madhya Pradesh के बेतूल जिले में एक व्यक्ति को जारी किए गए चरित्र प्रमाण पत्र पर ‘‘आवेदक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में बार-बार शिकायत करने का आदी है’’ लिखने के आरोप में दो पुलिकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बेतूल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चल एन. झरिया ने बताया कि चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शिकायतकर्ता रूपेश देशमुख के चरित्र प्रमाण पत्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने बताया कि इस घटना के लिए चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य की देखरेख करने वाले हेड कांस्टेबल बलराम और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का जिम्मा संभालने वाले कांस्टेबल विप्लव को निलंबित कर दिया गया है।

6 फरवरी को चरित्र प्रमाण पत्र किया गया था जारी

आठनेर थाना क्षेत्र के निवासी देशमुख ने बताया कि उन्होंने अपने लिए चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने के अनुरोध के साथ पुलिस को आवेदन दिया था। चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्ति में विलंब होने पर उसने राज्य स्तरीय शिकायत निवारण फोरम मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की। देशमुख ने कहा कि इस शिकायत से पुलिसकर्मी नाराज हो गए और उन्होंने प्रमाण पत्र जारी करते हुए लाल स्याही से उस पर यह लिख दिया कि आवेदक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर बार-बार शिकायत करने का आदी है। देशमुख ने बताया कि उसे छह फरवरी को चरित्र प्रमाण पत्र जारी किया गया था। देशमुख के अनुसार, वह एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं और कार्यस्थल पर जमा कराने के लिए उसे चरित्र प्रमाण पत्र चाहिए था। देशमुख ने बताया कि उसने इससे पहले कभी भी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। देशमुख ने बताया कि जब उसने अधिकारियों के समक्ष यह मामला उठाया तो उसे नया चरित्र प्रमाण पत्र जारी किया गया।

Exit mobile version