Site icon Dainik Savera Times

रेलवे ने बनाया नया कीर्तिमान; IRCTC के माध्यम से 1 दिन में 20,06,353 टिकट बुक

नई दिल्ली : रेलवे ने ई-टिकट बुकिंग के मामले में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड 7 सितंबर को दर्ज किया गया। इस दिन भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के माध्यम से त्यौहारों के मौसम में अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) के तहत 20,06,353 टिकट बुक की गईं और इसी के साथ ही एआरपी के तहत अब तक एक दिन में सर्वाधिक टिकट बुक करने का कीर्तिमान बन गया। गत वर्ष त्यौहारों के मौसम में 19 अगस्त को 1 दिन में सबसे अधिक 18,40,203 टिकट बुक की गई थीं।

8 सितंबर 2026 को भी 19,50,699 टिकट बुक की गईं। रेलवे ने कहा कि उसने टिकट बुकिंग प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं और इस दिशा में लगातार काम चल रहा है। इसी क्रम में 15 जुलाई से नई यूजर इंटरफेस (यूआई) का बीटा संस्करण शुरू किया गया। रेलवे के मुताबिक मौजूदा समय में कुल आरक्षित टिकटों में से करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक की जा रही हैं। अगली पीढ़ी की ई-टिकटिंग (एनजीईटी) की मजबूत बुकिंग प्रणाली एक साथ बड़ी संख्या में टिकटों की बुकिंग को संभाल रही है।

मौजूदा समय में दिन की कुल बुकिंग में से केवल 8.43 से 14.14 प्रतिशत बुकिंग पहले घंटे यानी सुबह 8 बजे से 9 बजे के बीच पूरी होती है और 85 प्रतिशत से अधिक बुकिंग दिन में बाद में पूरी की जाती है। पहले 15 मिनट यानी सुबह 8 बजे से 8.15 बजे के बीच लगातार सबसे अधिक संख्या में टिकट बुक की जाती हैं। इससे इस अवधि में एक साथ टिकट बुक करने की सबसे अधिक मांग का पता चलता है।

Exit mobile version