Site icon Dainik Savera Times

Delhi के पांडव नगर DDA फ्लैट से 24 घंटे साफ पानी की सप्लाई हुई शुरू, Arvind Kejriwal ने नल से पिया पानी

Arvind Kejriwal Calls Important Meeting

Arvind Kejriwal Calls Important Meeting

24 Hour Clean Water Supply : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और अन्य नेताओं के साथ मंगलवार को पांडव नगर डीडीए फ्लैट से 24 घंटे दिल्ली में पानी की शुरुआत की है। अरविंद केजरीवाल ने एक घर से नल खोलकर उससे सीधे पानी पीकर यह दिखाया कि साफ और मीठा पानी यहां पर अब 24 घंटे सप्लाई किया जाएगा और यही आने वाले कुछ सालों में पूरी दिल्ली के एक-एक इलाके में किया जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं दिल्ली के ढाई करोड़ निवासियों को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं, आज बहुत बड़ा दिन है। हम सब लोगों का सपना था कि दिल्ली में 24 घंटे नल से साफ पानी आना चाहिए, चाहे तीसरी मंजिल से चौथी मंजिल बिना पंप के। तो आज दिल्ली के अंदर राजेंद्र नगर विधानसभा के डीडीए फ्लैट्स पांडव नगर से इस बहुत बड़े सपने की शुरुआत हो रही है। आज इस कॉलोनी में 24 घंटे साफ पानी आना शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि मैं अभी कुछ घरों से होकर आ रहा हूं और उन घरों से सीधा नल से मैंने पानी पिया, वो भी सभी कैमरों के सामने। उन्होंने कहा कि 2015 में जब हमने दिल्ली की जिम्मेदारी संभाली थी तो 50 से 60 प्रतिशत दिल्ली में टैंकरों से पानी जाया करता था। आज 10 साल के बाद मुझे कहते हुए खुशी हो रही है कि 97 प्रतिशत से ज्यादा दिल्ली में पाइपलाइन से पानी जाता है। उन्होंने बताया कि अभी पूरी दिल्ली में 24 घंटे पानी नहीं है। लेकिन आज इसकी यहां से शुरुआत हो रही है डीडीए फ्लैट्स राजेंद्र नगर से।

उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार बनी तो दिल्ली में 8 और 10-10 घंटे के पावर कट लगते थे, बिजली जाया करती थी। मैंने कहा था 24 घंटे बिजली कर दूंगा, कर दी। अब मेरा मकसद है 24 घंटे आपके नल से साफ पानी आए। आज इसकी शुरुआत हुई है। 2020 के चुनाव में मैंने वादा किया था कि पूरी दिल्ली में अगले चुनाव तक 2025 तक काम कर देंगे। थोड़ी देरी हो गई क्योंकि बीच में ढाई साल कोरोना आ गया। उसके बाद इन्होंने दो ढाई साल हमें फर्जी केस में हमारी टीम को तितर-बितर कर दिया। अब हम उन सारी चीजों से निपट गए।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि 2015 में जब हमारी सरकार बनी 900 मिलियन गैलन पानी दिल्ली में बांटा जाता था। हमने यह प्लान बनाया है कि दिल्ली को 24 घंटे पानी देने के लिए लगभग 12500 मिलियन गैलन पानी चाहिए। हमने प्लान बनाया की 24 घंटे पानी कैसे आएगा। आज हम 1000 मिलियन गैलन पानी बना रहे हैं। हमने प्लान बनाया है कि अगले कुछ सालों में हम 1400 मिलियन गैलन पानी बनाएंगे।

उन्होंने बताया कि यमुना के किनारे से हम पानी निकालेंगे और प्लांट लगा कर उसे अमोनिया फ्री करेंगे। हम ढाई हजार टय़ूबवेल बनाएंगे। हमने उसकी भी लोकेशन ढूंढ ली है। ढाई हजार टयूबवेल बनाकर हम 200 मिलियन गैलन पानी और एक्स्ट्रा ट्रांस यमुना से लेकर आएंगे और आरओ प्लांट लगाकर उसकी हार्डनेस और खारापन दूर करेंगे।

Exit mobile version